तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नामपल्ली प्रदर्शनी स्थल पर बुधवार की शाम भीषण आग लग गई।
नई दिल्ली। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से बड़ी खबर सामने आई है। यहां नामपल्ली प्रदर्शनी स्थल पर बुधवार की शाम भीषण आग लग गई। इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। प्रदर्शनी स्थल पर आग का भयानक रूप देख लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और दमकल विभाग की दी। सूचना पर पहुंची राहत टीम ने घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जिसके बाद दमकल की 13 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल एग्जिबिशन के एक स्टॉल पर शुरू में आग लगी। जिसके बाद आग चारों ओर फैल गई। पुलिस के अनुसार अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं, हादसे में घायल लोगों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि पुलिस घायलों की संख्या में बढोतरी होने की बात से इनकार नहीं कर रही है। आसपास के लोगों की मानें तो प्रदर्शनी स्थल से अचानक आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया था। जिसके बाद तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी गई थी। कुछ लोग आग का कारण शॉर्ट सर्किट को भी मानकर चल रहे हैं। जबकि पुलिस जांच के बाद ही कोई पुख्ता जानकारी मिलने की बात कह रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले मुंबई के चेंबूर में भी ऐसा ही हादसा सामने आया था। यहां एक रिहायशी हाउसिंग सोसाइटी में आग लग गई थी, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह हादसा चेंबूर की सरगम सोसाइटी के एक फ्लैट में हुआ था। यह फ्लैट बिल्डिंग की 14वीं मंजिल में था।