
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कावेरी प्रबंधन बोर्ड के गठन में देरी को लेकर
रविवार को सुपरस्टार रजनीकांत , कमल हासन के साथ शीर्ष नेता चेन्नई में एकत्र हुए। प्रदर्शन के आयोजन स्थल पर जाने से पहले, रजनीकांत ने अपने घर के बाहर मीडिया से कहा कि शहर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों का आयोजन शर्मिंदगी भरा है। जब राज्य के लोग कावेरी मुद्दे पर विरोध कर रहे हैं तो आईपीएल जैसे कार्यक्रम करना जनता का अपमान है। उनका कहना है कि आईपीएल खिलाड़ियों और दर्शकों को अपना विरोध दर्ज करने के लिए काले बैंड पहनने की अनुमति दी जानी चाहिए।
पहले ही काफी देरी हो चुकी है
67 वर्षीय अभिनेता ने चेतावनी दी कि अगर कावेरी जल बोर्ड का गठन जल्द नहीं किया जाता है तो ज्यादा से ज्यादा लोग सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि बोर्ड गठन में पहले की काफी देर हो चुकी है। गौरतलब है कि रजनीकांत ने पिछले साल दिसंबर में घोषणा की थी कि वह अपनी राजनीतिक पार्टी का शुभारंभ करेंगे और विधानसभा चुनावों में सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान उनके साथ कई और अभिनेता भी थे। दक्षिण के अन्य कलाकरों में धुनुश, विजय, सुरिया, सैदरराज, शिवकुमार, नासर, विशाल, करधि और शिवकारेकेयान ने उनका साथ देने का दावा किया।
पिछले कई दिनों से तमिलनाडू में बंद जैसा असर
कावेरी जल विवाद को लेकर राजनीतिक दल पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान चेन्नई के आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा और दुकाने बंद रहीं। केंद्र का ध्यान आकर्षित करने के लिए त्रिची में किसानों के एक समूह ने आंशिक रूप से शुक्रवार को खुद को रेत में दफन कर लिया था। गर्दन के चारों ओर मालाओं के साथ, किसानों ने धूप में आंदोलन किया। इस दौरान तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी - डीएमके - कांग्रेस के साथ, सीपीआई (एम) और सीपीआई ने राज्य में एक दिन के बंद का आयोजन किया था।