
भारत का चंद्रयान2 मिशन भले ही पूरा नहीं हो पाया, लेकिन ISRO के वैज्ञानिकों का दावा है कि चंद्रयान-2 मिशन 90 से 95 फीसदी तक कामयाब रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि चंद्रयान-2 का 95 फीसदी हिस्सा बिलकुल सही सलामत है और ये 7.5 साल तक काम करता रहेगा। यानी चांद से तस्वीरें व अन्य डेटा भेजता रहेगा। एक इंटरव्यू में ISRO प्रमुख के सिवन ने भी इस बात की पुष्टि की है।
हालांकि उन्होंने लैंडर विक्रम से संपर्क की कोशिशें जारी रखने को कहा था, लेकिन ये उम्मीद भी अब खत्म हो गई है। गौर हो, 7 सितंबर की देर रात जब लैंडर व्रिकम चांद की सतह से कुछ मीटर की दूरी पर था, तभी उसका संपर्क पृथ्वी से टूट गया था। इसके बाद से उससे संपर्क की कोशिशें जारी थीं। लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा था। चंद्रयान-2 की असफलता का आकलन कर रही टीम के मुताबिक ऑटोमैटिक लैंडिंग्र प्रोग्राम (एएलपी) में गड़बड़ी के कारण लैंडर विक्रम हादसे का शिकार हुआ।
अब वैज्ञानिकों की टीम ने लैंडर विक्रम से संपर्क होने की उम्मीद छोड़ दी है। उनका मानना है कि 1471 किलोग्राम का लैंडर विक्रम और इसके अंदर मौजूद 27 किलोग्राम का रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर उतरने से कुछ वक्त पहले ही क्रैश हो गया था। वैज्ञानिकों का मानना है कि लैंडर विक्रम चांद की सतह से टकराने के बाद या तो पलट गया था या फिर मुड़ गया था।
बता दें, पृथ्वी से संपर्क टूटने से पहले ‘विक्रम’ ने ‘रफ ब्रेकिंग’ और ‘फाइन ब्रेकिंग’ चरणों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया था।
संपर्क टूटने के बाद कंट्रोल सेंटर में मौजूद वैज्ञानिक एकदम निराश हो गए थे। तभी पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया था। उन्होंने कहा था कि इस तरह के पल जीवन में आते रहते हैं।
इन चीजों का पता लगाने में मदद करेगा आर्बिट
वहीं आज ISRO ने भी दावा किया है कि चंद्रयान-2 का आर्बिट अपना काम करता रहेगा। चंद्रयान-2 का 95 फीसदी हिस्सा सलामत है। यह आर्बिटर चांद की कक्षा में स्थापित हो चुका है। इससे चांद की सतह पर पानी, खनिज जैसी अन्य चीजों का पता लगाने में मदद मिलेगी। चंद्रयान-2 में लगा हाई रजोल्यूशन कैमरा चांद से तस्वीरें भेजेगा और ये डाटा अगले साढ़े सात साल तक मिलता रहेगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये मिशन बहुत कठिन था। इस बारे में पहले ही बता दिया गया था कि सॉफ्ट लैंडिंग के अंतिम क्षम बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
उधर, ISRO के चेयरमैन के सिवन ने कहा कि- मिशन नामाम नहीं है। ISRO के बाकी मिशन तय समय के अनुसार ही होंगे।
बता दें, दुनिया के कई दूसरे देश भी चांद की सतह पर उतरने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि चीन एक बार इस कोशिश में सफल हो चुका है। बताया जा रहा है कि आने वाले महीनों में वो एक बार फिर ऐसा प्रयास कर सकता है। रिपोर्ट के अनुसार- अमरीका 2024 तक चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की योजना पर काम कर रहा है।