
श्रीनग। 75वें स्वतंत्रता दिवस (Independance Day 2021) को मनाने के लिए पूरे देश में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है। वहीं मंगलवार को भारतीय सेना ने देश को बड़ा उपहार दिया है। भारतीय सेना ने 75वें स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में 100 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराकर देश को समर्पित किया। सेना ने कश्मीर घाटी के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल गुलमर्ग में यह 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया है।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि यह तिरंगा झंडा देश को एकता के सूत्र में बांधे रखने का संदेश दे रहा है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के मौके पर यहां रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले भारतीय सेना की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। जिसे देखकर लोगों का जोश और उत्साह दोगुना हो रहा है। सेना के सूत्रों की माने तो 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा रेकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है।
श्रीनगर में रक्षा प्रवक्ता कर्नल एमरॉन मुसावी ने कहा, ''स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरा होने पर मनाए जा रहे समारोहों के तहत एक साधारण समारोह में आज (मंगलवार को) गुलमर्ग में राष्ट्र को 100 फुट ऊंचा राष्ट्रध्वज समर्पित किया गया। समारोह की अध्यक्षता सेना कमांडर, उत्तरी कमान, लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी ने की।''
तिरंगे के साथ लें सकेंगे सेल्फी
अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश को एकता के सूत्र में बांधे रखने का संदेश देता है। गुलमर्ग घूमने आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ यहां के स्थानीय लोग भी तिरंगे के साथ सेल्फी और तस्वीरें ले सकेंगे। कर्नल एमरॉन मुसावी ने कहा कि बारामुला जिले के गुलमर्ग में यह ध्वज सैलानियों के आकर्षण का एक और केंद्र बनेगा। जनरल वाईके जोशी ने कहा कि यह ध्वज उन अनगिनत कश्मीरियों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करते हुए बलिदान दिया है।
बता दें कि देश के कई हिस्सों में बड़े-बड़े राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में 60 फुट चौड़े और 90 फुट लंबे तिरंगे को 207 फुट ऊंचे पोल पर कांग्रेस 2014 में लहराया गया था। झंडे का वजन 35 किलोग्राम है। वहीं, झारखंड की राजधानी रांची में 2016 में देश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया था। यह तिरंगा 99 फीट चौड़ा और 66 फीट लंबा है।
इसके अलावा, राजस्थान के डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट 108 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया हैै। उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया है जो कि 30 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा है। उदयपुर के मोहनलाल सुखाडिय़ा विवि परिसर में भी 104 फीट का तिरंगा लहराया रहा है। जयपुर के सेंट्रल पार्क में 206 फीट लंबे पोल पर (72 गुणा 48 फुट आकार का) तिरंगा फहराया गया है।