आसमान में शान से लहराएगा मेवाड़ का सबसे ऊंचा तिरंगा, जानिए कहां है देश और राजस्थान के ऊंचेे तिरंगे
उदयपुरPublished: Aug 18, 2020 03:55:39 pm
- राजस्थान विद्यापीठ में लगेगा 151 फीट ऊंचा तिरंगा, उद्घाटन 21 को विवि के स्थापना दिवस पर
उदयपुर. मेवाड़ का सबसे ऊंचा तिरंगा अब राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय परिसर में लहराता नजर आएगा। ये तिरंगा करीब 151 फीट लंबा होगा। इसका उद्घाटन 21 को किया जाएगा। कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने बताया कि संस्थापक पंडित जनार्दनराय नागर ने 1937 में पांच कार्यकर्ता व तीन रुपए से प्रारंभ संस्था ने आज वट वृक्ष का रूप ले लिया है। जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय का 83वां स्थापना दिवस 21 अगस्त को प्रतापनगर स्थित परिसर में मनाया जाएगा। इस मौके पर विवि परिसर में शहर का सबसे बड़ा 151 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया जाएगा। तिरंगे के तीन ओर लाइट लगाई गई है, जो रात में भी तिरंगे को चमकाए रखेगी। तिरंगा 20 फीट गुणा 30 फीट का होगा। इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि कुलाधिपति प्रो. बलवंत जॉनी, जनजाति विवि के पूर्व कुलपति प्रो. कैलाश सोडानी, कुल प्रमुख भंवरलाल गुर्जर होंगे।