
श्रीनगर: कश्मीर के पुंछ इलाके में पाकिस्तान ने एकबार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया है। शुक्रवार को पुंछ के देवगार इलाके में लाइन ऑफ कंट्रोल के आसपास के इलाकों में पाकिस्तानी सेना ने भारी गोलाबारी कर रही है। खबर है कि शाहपुर, करमाड़ा और करी सेक्टर में भी फायरिंग हो रही है। जिसके बदले भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। गोलीबारी को देखते हुए सीमा से लगे स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
बुधवार को भी तोड़ा सीजफायर
इससे पहले 15 नवंबर को भी पाकिस्तान की ओर से पुंछ से स्थित लाइन ऑफ कंट्रोल के आसपास के इलाकों में गोलीबारी की गई थी। जिसका भारतीय सेना ने भी माकूल जवाब दिया था। सेना के प्रवक्ता के मुताबिक गोलीबारी सुबह 8 बजकर 15 मिनट पर बिना किसी उकसावे के पाक की ओर से शुरु की गई। पहले तो भारतीय सेना ने इसपर कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन कुछ ही देर बाद एलओसी पार से स्वचलित हथियारों से गोलीबारी और मोटार्र चलाए गए। जिसके बाद भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारत पर लगाया फायरिंग का आरोप
गौरतलब है कि लगातार सीज फायरिंग का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तान ने बुधवार को ही भारत पर संघर्ष विराम तोड़ने का आरोप लगाया था। पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को तलब भी किया था।
हमले की फिराक में जैश
आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद भी कश्मीर में बड़ी आतंकी वारदात देने की फिराक में है। इसे लेकर उत्तरी कश्मीर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। खुफिया विभाग के मुताबिक जैश का एक नया आत्मघाती दस्ता कुपवाड़ा जिले में एलओसी के सटे इलाकों और सेना की टुकड़ियों पर हमला करने की फिराक में हैं।
नागरिकों को धमकी दे रहे आतंकी
सुरक्षाबलों के ऑपरेशन से आंतकी बुरी तरह घबरा गए हैं। वो स्थानीय लोगों को धमकी दे रहे हैं और सेना को किसी भी आतंकी गतिवीधि की जानकारी नहीं देने को कहा है। इसके लिए आतंकियों ने बंदूक की नोंक पर लोगों को कसमें खिलवाई हैं। इस घटना का वीडिओ भी कुछ समय पहले वायरल हुआ था।
ऑपरेशन आल आउट में मारे गए 180 आतंकी
बता दें कि जम्मू कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए सेना ने ऑपरेशन ऑल आउट चला रखा है। इसके जरिए सेना आतंकियों की कमर तोड़ते हुए 180 से अधिक आतंकियों का मार चुकी है। इसके अलावा कई जिंदा आतंकियों को दबोचा गया है।