
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर ( Jammu Kashmir ) में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा ( Kupwada ) जिले में बुधवार को आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन ( Hizbul Mujahideen ) के एक माडयूल का भांडाफोड़ किया और तीन आतंकवादियों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा बलों ने 2 युवकों को आतंकी संगठन में शामिल होने से बचाया भी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 'गिरफ्तार किए गए तीनों आतंकी का संपर्क कुख्यात आतंकवादी कमांडर बशीर पीर उर्फ इम्तियाज से था। बता दें कि बशीर पाकिस्तान ( Pakistan ) के कब्जे वाले कश्मीर से कथित रूप से आतंकी गतिविधियां संचालित करता है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें गोपनीय सूचना मिली थी कि कुपवाड़ा के क्रालपोरा क्षेत्र में हिज्बुल मुजाहिदीन का आतंकी मॉडयूल सक्रिय है। जिसके बाद पुलिस और सेना ने आतंकी मॉडयूल को ध्वस्थ कर दिया। साथ ही उससे जुड़े तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।
2 युवक बचाए गए
जानकारी के मुताबिक इस ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले से दो युवकों को आतंकवादी संगठन में शामिल होने से बचाया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, 'अवंतीपुरा में पुलिस ने समय पर कार्रवाई की और दो युवकों को आतंकी गुटों में शामिल होने से बचा लिया। उन्होंने बताया कि इन युवकों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गलत जानकारी देकर अपने साथ शामिल किया जा रहा था।'
पुलिस के अनुसार उनमें से एक युवक त्राल के उत्तरी क्षेत्र और दूसरा अवंतीपुरा के रहने वाला है। वहीं, बुधवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को त्राल सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।