मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पार्टी में अंदरूनी तौर पर पार्टी उनकी सेहत और उम्र को देखते हुए उनसे इस्तीफा लेना चाहती है।
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे की खबर का खंडन करते हुए इसे एक अफवाह बताया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए येदियुप्पा ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और जे. पी. नड्डा से बात की। येदियुरप्पा ने कहा कि हम फिर से कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।
हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पार्टी में अंदरूनी तौर पर पार्टी उनकी सेहत और उम्र को देखते हुए उनसे इस्तीफा लेना चाहती है और येदियुरप्पा भी इस बात पर राजी बताए जा रहे हैं हालांकि इसके बदले में वह अपने बेटे के लिए केन्द्रीय केबिनेट में पद चाहते हैं। अपुष्ट मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संभवत अगले कुछ दिनों में वह इस्तीफा दे सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि काफी समय से कर्नाटक भाजपा के कुछ नेता लगातार येदियुरप्पा तथा उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर वर्ष 2023 में होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनावों को देखते हुए भी कुछ नेता मुख्यमंत्री बदलने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में भाजपा के कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह ने प्रदेश के नेताओं से बात भी की थी।
यदि इस्तीफा दिया तो कौन बन सकता है मुख्यमंत्री
पार्टी के अंदरुनी सूत्रों के अनुसार यदि मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा देते हैं तो जिन नेताओं को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, उनमें दो नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इनमें एक केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और दूसरे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. एल. संतोष है। जोशी उत्तर कर्नाटक सीट से भाजपा सांसद भी हैं।