बांद्रा रेलवे स्टेशन पर उमड़ी हजारों लोगों की भीड़। अपने घरों में वापस भेजने के नारे लगाए। खाने-पीने के लिए कुछ ना होने की बात कही।
मुंबई। कोरोना वायरस के देशभर में बढ़ते मामलों में सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस महाराष्ट्र से सामने आए हैं। फिर भी मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन 2.0 की घोषणा के बाद मुंबई में हजारों की तादाद में लोग सड़कों पर उतर आए और घर वापसी की मांग करने लगे। पहले से ही कोरोना फैलने से परेशान महाराष्ट्र में इस घटना ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा करने के बाद हजारों की तादाद में लोग मुंबई के बांद्रा में निकल आए। इस दौरान लोगों ने घर वापस भेजो के जमकर नारे लगाए। यह भीड़ बांद्रा रेलवे स्टेशन के सामने जुट गई थी।
नारेबाजी कर रहे लोगों का कहना था कि उनके सामने खाने-पीने की बड़ी परेशानी है। पैसे कमाने के कारण अपने घरों से दूर रह रहे थे, लेकिन अब तो ना पैसे हैं और ना खाना। ट्रेनें-बसें भी बंद हैं, तो कैसे वापस जाएं। किसी के घर में कोई परेशानी है, तो किसी के घर में बीमारी, किसी के घर में कोई ध्यान देने वाला नहीं है। कैसे वापस जाएं।
इस घटना का एक वीडियो ऑल इंडिया मजलिस-ए-इल्लेहादुल मुस्लीमीन के प्रवक्ता वारिस पठान ने भी अपने ट्विटर पेज पर शेयर किया है। वारिस पठान ने लिखा, लॉकडाउन बढ़ने कामगारों और प्रवासी मजदूरों का विरोध। बांद्रा में सभी घर वापस भेजो की मांग कर रहे थे।
हालांकि वजह चाहे जो भी हो, लेकिन जिस वक्त कोरोना वायरस की चपेट में महाराष्ट्र बुरी तरह परेशान है, मुंबई में इतनी भारी तादाद में जनसैलाब का सड़कों पर उमड़ना बहुत बड़े खतरे की आहट जरूर बनता नजर आता है।