
पुणे: मराठा आरक्षण का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। प्रदर्शनकारी लगातार उपद्रव की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सोमवार को आंदोलनकारियों ने पुणे नासिक हाइवे पर 6 बसों को आग के हवाले कर दिया है। साथ ही सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है। शहर में धारा 144 लागू कर दिया गया है। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबल बुलाए गए हैं। समाज ने मांग पूरी नहीं होने पर 1 अगस्त से आरक्षण को लेकर जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी है।
मराठा आरक्षण के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक
गौरतलब है कि मराठा आरक्षण के मुद्दे पर पिछले दिनों मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई में सर्वदलीय बैठक हुई । बैठक के बाद सीएम फडणवीस ने कहा कि मराठा आरक्षण पर सभी पार्टियां सहमत हैं और हम इस पर एकमत से फैसला लेंगे। फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अनुचित कदम नहीं उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डीजीपी को निर्देश दिया है कि प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले लोगों के खिलाफ दर्ज किए वापस लें। केवल पुलिस पर हमला करनेवालों और आगजनी करनेवालों के खिलाफ ही कार्रवाई की जाए।'
पिछड़ा आयोग से मांगी रिपोर्ट
अपनी सरकार का बचाव करते हुए फडणवीस ने कहा कि हमारी सरकार ने इस पर कानून बना रखा है लेकिन मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा कि हमने पिछड़ा आयोग से रिपोर्ट मांगी है, उनकी सलाह पर आरक्षण देने पर विचार किया जा सकता है। लेकिन दुर्भाग्यवश आयोग के पहले मुखिया का निधन हो गया और दूसरे अध्यक्ष की नियुक्ति में काफी वक्त लग गया।' इसके बाद हम विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएंगे।
इन मुद्दों पर मराठा समुदाय कर रहा आंदोलन
गौरतलब है कि मराठा समुदाय शिक्षा और नौकरी में आरक्षण की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से राज्यव्यापी प्रदर्शन कर रहा है। समुदाय का कहना है कि समाज में वे काफी पिछड़े हैं उन्हें शिक्षा और नौकरी में आरक्षण मिलना चाहिए।