कोरोना वायरस ( Coronavirus ) संक्रमण को रोकने लिए देशभर में लॉकडाउन ( Lockdown ) को 31 मई तक बढ़ा गया है। -लॉकडाउन 4.0 ( Lockdown 4.0 ) में सरकार ने व्यावसायिक गतिविधियों को और ज्यादा छूट दी है। इस बार केंद्र ने कुछ अधिकार राज्यों को भी दिए हैं।-जिसके तहत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों ने लॉकडाउन 4.0 की राज्य की नई गाइडलाइंस ( Lockdown 4.0 Guidelines ) जारी की है।

नई दिल्ली।
कोरोना वायरस ( coronavirus ) संक्रमण को रोकने लिए देशभर में लॉकडाउन ( Lockdown ) को 31 मई तक बढ़ा गया है। सोमवार से लॉकडाउन ( Lockdown 4.0 ) का चौथा चरण शुरू हो गया। लॉकडाउन 4.0 में सरकार ने व्यावसायिक गतिविधियों को और ज्यादा छूट दी है। वहीं, राज्यों के बीच बसों के परिचालन की अनुमति दे दी है। इसके अलावा वाहनों को चलने की इजाजत दी गई है। इस बार केंद्र ने कुछ अधिकार राज्यों को भी दिए हैं। जिसके तहत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों ने लॉकडाउन 4.0 की राज्य की नई गाइडलाइंस ( Lockdown 4.0 Guidelines ) जारी की है। राजस्थान समेत कई राज्यों ने सैलून व पार्लर, रेस्टोरेंट, बाइक रिपेयरिंग की दुकानों को खोलने की अनुमति दी है। वहीं, कर्नाटक सरकार ने अपने यहां ट्रेन और बस सेवाओं को शुरू करने का आदेश दिया है। आइए जानते हैं किस राज्य ने क्या-क्या दी छूट?
दिल्ली में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Delhi )
दिल्ली में नाई की दुकान, स्पा और ब्यूटी पार्लर की दुकानें बंद रहेंगी। लॉकडाउन 4 में टैक्सी और कैब चलाने की अनुमति दी गई है, लेकिन इनमें सिर्फ दो यात्रियों को बैठाने की अनुमति होगी। सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तर खुलेंगे। इसके अलावा दुकानें खुलेंगी, लेकिन लेकिन ऑड-इवन के हिसाब से। निर्माण कार्य की अनुमति भी दी गई है, मतलब दिल्ली के मजदूर काम पर जा सकेंगे। दिल्ली में बस सेवा शुरू होगी, यात्रियों की क्षमता 20 रहेगी। ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा की अनुमति होगी। सभी दिल्लीवासियों को शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक घरों में ही रहना होगा।
दिल्ली का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Delhi )
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। अब तक दिल्ली में 10054 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 160 लोगों की मौत हो चुकी है। 4485 ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 299 नए मामले सामने आए।
कर्नाटक में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Karnataka )
कर्नाटक में 19 मई से सार्वजनिक परिवहन सेवाएं शुरू होगी। चार राज्यों के पथ परिवहन निगम की बसों एवं निजी बसों को केवल 30 यात्रियों के साथ चलने की छूट दी गई है। आटो एवं टैक्सियों के परिचालन की भी अनुमति दी है लेकिन इनमें चालक समेत तीन यात्री सफर कर सकेंगे। राज्य में ट्रेनों का परिचालन 31 मई तक किया जा सकता है। सैलून समेत कई दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। इसके साथ पार्क आदि को भी खोला जा सकता है। हालांकि, इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
कर्नाटक का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Karnataka )
कर्नाटक में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी है। सोमवार को यहां कोविड—19 संक्रमण के 99 मामले सामने आए। यह राज्य में वायरस संक्रमण के एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। नए मामलों के साथ ही प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 1246 हो गयी है।
झारखंड में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Jharkhand )
झारखंड सरकार ने भी लॉकडाउन-4 में कुछ राहत दी है। राज्य में औद्योगिक गतिविधियों, निर्माण कार्यों, टैक्सी, शराब की दूकानों, किताबों और स्टेशनरी की दूकानों, मोबाइल, टीवी, एयरकंडीशनर समेत कई चीजों को खोलने की अनुमति दी है।
झारखंड का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Jharkhand )
झारखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक मरीजों की संख्या बढ़कर 232 हो गई है।
पंजाब में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Punjab )
पंजाब सरकार ने सोमवार को कर्फ्यू पाबंदिया हटा ली हैं। राज्य में सभी शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य बाजारों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक सभी दुकानें खुलने की छूट दी गई है। मुख्य बाजारों, बाजार कॉम्प्लेक्सों की दुकानों, रेहड़ी बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों के लिए जिला प्रशासन को खोलने की अनुमति देने की छूट दी गई है। प्रदेश में नॉन कंटेनमेंट जोन में निर्माण कार्य और बस सेवा शुरू की गई हैं।
पंजाब का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Punjab )
राज्य में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 2075 हो चुकी है। 41 लोगों की जान जा चुकी है। करीब 82 फीसदी मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
राजस्थान में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Rajasthan )
राजस्थान सरकार ने राज्य में कई प्रकार की गतिविधियों को छूट दी है। रेड जोन को छोड़कर सभी जगहों पर दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है। इनमें रेस्टोरेंट, बाइक पंचर, रिपेयरिंग, मिठाई, सैलून व पार्लर आदि भी शामिल है। राज्य में मॉल व वाणिज्यिक परिसरों कमर्शियल कांपलेक्स को खोलने की अनुमति नहीं होगी। क्लब हाउस व पोलो क्लब खुल सकेंगे। ओरेंज जोन में पार्कों में जाने की भी अनुमति दी गई है। स्कूल कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान अभी बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, जिम, बार, आडिटोरियम आदि भी बंद रहेंगे।
राजस्थान का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Rajasthan )
राजस्थान में लगातार कोरोना की संख्या बढ़ती जा रही है। 19 मई की सुबह 9 बजे तक कोरोना के 122 नए मामले सामने आए। जिसके बाद राज्य में कुल आंकड़ा 5629 हो गया है। कोरोना से 139 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
मध्य प्रदेश में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Madhya Pradesh )
ग्रीन जोन राज्य में सभी प्रकार की गतिविधियां संचालित करने की छूट दी गई है। इन क्षेत्रों में सभी दुकानें एवं बाजार खुले रहेंगे। निजी वाहनों को आवागमन की अनुमति दी गई है। राज्य में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग, प्रशिक्षण संस्थान, होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज, सिनेमा हॉल्स, शॉपिंग मॉल्स, जिम, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर्स, बार, ऑडिटोरियम बंद रहेंगे। सामुदायिक कार्यक्रम, सभी प्रकार के सामाजिक, राजनैतिक, खेलकूद, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन नहीं हो सकेंगे।
मध्य प्रदेश का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Madhya Pradesh )
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5130 से ऊपर पहुंच गई है। इससे यहां अब तक 215 लोगों की मौत हो चुकी है और 2403 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके हैं।
गुजरात में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Gujrat )
गुजरात सरकार ने गैर निरुद्ध क्षेत्रों में बाजारों और दुकानों को खोलने समेत कई रियायतों दी है। गैर निरुद्ध क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक दुकान और कार्यालय खुल सकते हैं। सरकार ने गैर निरुद्ध क्षेत्रों में पान मसाला की दुकानों एवं नाई एवं हजामत की दुकानों एवं सैलून को भी खोलने की इजाजत दी है। स्कूल आदि बंद रहेंगे।
गुजरात का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Gujrat )
पिछले 24 घंटों में गुजरात में 366 नए पॉजिटिव मामले सामने आए है। 35 लोगों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 11,746 हो गई है जबकि 694 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद? ( Lockdown in Uttar Pradesh )
उत्तर प्रदेश में विमान सेवाओं पर रोक रहेगी। मेट्रो रेल सेवाएं नहीं चलेंगी। स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। सभी सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, मनोरंजन पार्क, खेल परिसर और स्टेडियम आदि को खोलने की अनुमति होगी। बस डिपो, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर चलने वाली कैंटीन, रेस्तरां-किचन को खाने या खाद्ध पदार्थों की केवल होम डिलिवरी करने की अनुमति होगी।
उत्तर प्रदेश का कोरोना ग्राफ ( Coronavirus in Uttar Pradesh )
उत्तर प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 4,605 मरीज हो चुकी है। अब तक 118 की मौत हो गई है। पिछले 24 घंटे में 141 नए मामले सामने आए हैं जबकि छह लोग जान गंवा चुके हैं।
तमिलनाडु में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद?
तमिलनाडु के ग्रामीण क्षेत्रों में सैलून खोलने की छूट दी गई है। लॉकडाउन कारण यह 2 महीनों से बंद था। अब राज्य सरकार ने इसकी अनुमति दे दी है। इसके अलावा कई अन्य गतिविधियों को भी छूट दी गई है।
तेलंगाना में क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद?
तेलंगाना सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को भी सशर्त मंजूरी दी है। सशर्त ही कुछ दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है।