विविध भारत

हरियाणा: जेल मंत्री रणजीत सिंह का बड़ा खुलासा, सुनारिया जेल में राम रहीम की जान को खतरा

गुरमीत राम रहीम की जान को खतरा सुनारिया जेल में राम रहीम को अलग रखा गया

less than 1 minute read

नई दिल्ली। साध्वी से यौन शोषण के मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि रोहतक के सुनारिया जेल में बंद राम रहीम की जान को खतरा है। लिहाजा, राम रहीम को अन्य कैदियों से अलग रखा गया है।

हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने बताया कि राम रहीम को बब्बर खालसा और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ग्रुप से खतरा है। दरअसल, सुनारिया जेल में बंद कैदियों को जीरो बजट प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और राज्य के जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला सुनारिया जेल पहुंचे थे। दोनों की मौजूदगी में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लेकिन, इस प्रशिक्षण में गुरमीत राम रहीम नहीं पहुंचा था। जब इस मामले में जेल मंत्री से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि राम रहीम की जान को खतरा है।

चौटाला ने कहा कि राम रहीम को बब्बर खालसा और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ग्रुप से खतरा है। राम रहीम को उनकी तरफ से धमकी मिली है उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी गृह मंत्रालय और भारत सरकार को है। जेल मंत्री ने यह भी कहा कि हम अपने स्तर पर कोई निर्णय नहीं ले सकते। इसलिए सुरक्षा कारणों से राम रहीम को अन्य कैदियों से अलग रखा गया है। मंत्री ने यहां तक कहा कि हम उनकी लाइफ पर कोई रिस्क नहीं ले सकते। गौरतलब है कि जेल से बाहर आने के लिए राम रहीम ने कई बार जमानत याचिका लगाई, लेकिन उसे अब तक जमानत नहीं मिली है। हालांकि, राम रहीम की मुंह बोली बेटी हनीप्रीत जमानत पर बाहर है और उसने कई बार जेल में राम रहीम से मुलाकात की है।

Published on:
05 Feb 2020 01:40 pm
Also Read
View All