
Koria news, भूमिपूजन अवसर पर मौजूद मंत्री रामविचार नेता व विधायक भइयालाल राजवाड़े (Photo- Patrika)
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के नगर पालिका शिवपुर चरचा में प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम (Chhattisgarh Minister) तथा विधायक भइया लाल राजवाड़े ने गांधी जयंती पर 4 करोड़ 22 लाख की लागत से बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में छठघाट परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
प्रभारी मंत्री नेताम ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती (Gandhi Jayanti) पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के साथ एसटीपी का भूमिपूजन होना महत्वपूर्ण है। बापू ने स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिवपुर चरचा के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र की आवश्यकताओं और जन अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम (Ek Ped Maa ke Naam) अभियान के तहत काजू का पौधा रोपित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने आंवला, वरिष्ठ नेता कृष्ण बिहारी जायसवाल ने आम का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में एसपी हरीश राठौर, सीईओ योगेन्द्र श्रीवास, डीएफओ चंद्रशेखर सिंह परदेशी, नपाध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, शैलेष शिवहरे, कमलेश शर्मा, तीरथ राजवाड़े, सीएमओ मुक्ता सिंह चौहान सहित अन्य मौजूद थे।
विधायक राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एसटीपी निर्माण का भूमिपूजन किया गया है। बापू के सपनों के स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर देश के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से २५ हजार आबादी वाली नगर पालिका के 15 वार्डों से निकलने वाले गंदे पानी का ट्रीटमेंट होगा।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव (Koria Collector) ने कहा कि एसटीपी परियोजना शिवपुर चरचा के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित कार्य है। वन विभाग के सहयोग से परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध हो पाई है। उन्होंने नगर पालिका को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने निर्देश दिए, ताकि परियोजना का लाभ क्षेत्रवासियों को जल्द मिले। परियोजना की शासन स्तर पर भी निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। एसटीपी के निर्माण से सीवरेज के उचित उपचार में मदद मिलेगी।
जल प्रदूषण में कमी आने के साथ झुमका क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता में भी सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और जीवित रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने वन विभाग और नगरपालिका से पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग तथा नियमित देखरेख की व्यवस्था करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
Updated on:
02 Oct 2026 06:19 pm
Published on:
02 Oct 2026 06:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
