
Ambikapur-Delhi train, प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- Patrika)
विश्रामपुर। सरगुजा संभागवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है। अंबिकापुर से देश की राजधानी दिल्ली के लिए संचालित अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी। रेल मंत्रालय (Ministry of Railway) के निर्णय के बाद द्विसाप्ताहिक परिचालन रविवार से प्रभावी हो गया है। मंगलवार से अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन का दूसरा फेरा शुरू होगा। द्विसाप्ताहिक ट्रेन के शुभारंभ को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीआरएम राकेश रंजन सोमवार सुबह अंबिकापुर पहुंचकर पूरे दिन तैयारियों का जायजा लेंगे। बता दें कि दिल्ली ट्रेन की शुरुआत वर्ष 2022 में स्पेशल ट्रेन के रूप में हुई थी।
डीआरएम द्वारा कोयला लदान बढ़ाने के उद्देश्य से बिश्रामपुर, भटगांव और परसा साइडिंग का निरीक्षण किए जाने की भी जानकारी भी सामने आ रही है। ट्रेन के द्विसाप्ताहिक परिचालन का भव्य शुभारंभ प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री (Chhattisgarh CM) के शामिल होने की भी संभावना है। उनके अलावा सरगुजा सांसद, मंत्री, विधायक एवं डीआरएम सहित रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन को सप्ताह में दो दिन करने की मांग लंबे समय से सरगुजा क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। इसके साथ ही बिश्रामपुर स्टेशन में ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर रेल संघर्ष समिति ने हाल ही में स्टेशन परिसर में धरना प्रदर्शन कर रेल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज (Surguja MP) ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्रवासियों की मांग से अवगत कराया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन को द्विसाप्ताहिक करने की मंजूरी प्रदान की।
अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन का परिचालन तत्कालीन केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के विशेष प्रयासों से शुरू हुआ था। इसका शुभारंभ 14 जुलाई 2022 को रेणुका सिंह ने मुख्य आतिथ्य में किया था। शुरुआत में ट्रेन स्पेशल के रूप में संचालित हुई। बाद में 6 फरवरी 2024 से इसे स्थायी ट्रेन नंबर 22407 और 22408 के साथ नियमित परिचालन में शामिल किया गया। अब तक सप्ताह में एक फेरा लगाने वाली इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में 2 दिन किया गया है।
ट्रेन संख्या 22407 (Ambikapur-Hazarat Nijamuddin Train) अंबिकापुर से मंगलवार और गुरुवार, जबकि 22408 दिल्ली से रविवार और मंगलवार को संचालित होगी। रविवार को दिल्ली से रवाना हुई ट्रेन सोमवार शाम अंबिकापुर पहुंचेगी और मंगलवार 6 अक्टूबर को अंबिकापुर से दिल्ली के लिए दूसरे फेरे पर रवाना होगी। रेल प्रबंधन द्वारा द्विसाप्ताहिक ट्रेन के संचालन को लेकर आरक्षण एवं उसके स्टेटस को बेबसाइट में भी अपलोड कर दिया है।
Updated on:
04 Oct 2026 08:33 pm
Published on:
04 Oct 2026 08:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
