
नई दिल्ली। मौसम ने अपना मिजाज एक बार फिर बदल लिया है। मानसून जाते-जाते फिर लौट आया है। इस बार अपने साथ एक औऱ चक्रवात लेकर आ रहा है। जी हां चक्रवात डाई के बाद अब लूबान देश में तबाही मचाने की तैयारी कर रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 अक्टूबर को चक्रवात लूबान दस्तक देगा। अरब सागर में रविवार को एक चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
चक्रवात से निपटने की तैयारी में जुटी टीम
तमिलनाडु के घाटी वाले क्षेत्र और केरल के नजदीकी इलाकों के आसपास भारी बारिश की संभावना है. ऐसे में इन राज्यों के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी संभावित दिक्कतों से निपटने की तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बांधों में पानी के स्तर पर नजर रखें। जहां तक बात चक्रवात लूबान की है तो इसमें एक राहत वाली बात ये है कि लूबान चक्रवात भारत को छूता हुआ ओमान की तरफ निकल जाएगा। हालांकि एनडीआरएफ की टीम चक्रवात से निपटने के लिए तैयारियों में जुटी है।
इन इलाकों में दिखेगा असर
मौसम का हाल बताने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु और केरल के कई शहरों में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है। दक्षिणी कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। तेलंगाना में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की उम्मीद है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-दो जगहों पर गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में यहां बरसे बदरा
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल और तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। इसके अलावा दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी-तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गयी। उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, उत्तरी राजस्थान, जम्मू कश्मीर, सिक्किम और असम में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिली।
इस बात का रखें ध्यान
मौसम विभाग की चेतावनी के कई राज्यों में सावधान रहने के अलर्ट जारी किए गए हैं। शनिवार को भी स्कूल, कॉलेजों को एहतियात के तौर पर बंद किया गया है। वहीं रविवार का दिन होने की वजह से ज्यादातर कार्यालय भी बंद ही रहते हैं। बावजूद जो लोग घर से निकल रहे हैं उन्हें सावधान रहने को कहा गया है। बच्चों को खास तौर पर घर पर रखने की ही हिदायत दी गई है। इसके अलावा मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।