
नई दिल्ली। राजधानी के एक अस्पताल में दिल को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी बच्ची के पैदा होने के बाद मौत के घाट उतार दिया। यह संगीन जुर्म करने वाली मां यहीं नहीं रुकी। वह बेटी की हत्या को प्राकृतिक मौत दिखाना चाहती थी,लेकिन एक नर्स की समझदारी की वजह से ऐसा नहीं हो सका। मौत की सच्चाई सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सांस नहीं लेने की शिकायत की
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर स्थित अस्पताल में एक महिला ने बेटी को जन्म दिया। करीब तीन घंटे के बाद अचानक महिला ने बच्ची के सांस नहीं लेने की शिकायत करने लगी। उसका कहना था कि वह जब जागी तो हैरान रह गई कि बेटी सांस नहीं ले रही है। डॉक्टरों को पहली नजर में यह प्राकृतिक मौत प्रतीत हुई, लेकिन मामले ने उस वक्त अलग मोड़ ले लिया, जब एक नर्स ने बच्ची के शरीर पर कुछ अजीब से निशान देखे। इस पर डॉक्टरों को शक होने लगा और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा।
दंपति बेटा चाहता था
बच्ची का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया गया। इस दौरान पुलिस बच्ची की मां और उसके परिवार से पूछताछ करती रही। कुछ सामने न आने पर पुलिस ने महिला रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की। इसमें सामने आया कि दंपति बेटा चाहता था। उनके पास पहले से दो बेटियां थीं और उन्हें एक बेटे की चाहत थी। इस दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई। इसमें बच्ची के शरीर पर कई जगह चोटे आई थीं। पुलिस ने जब बच्ची की मां से कड़ाई से पूछताछ तो उसने सब कुछ उगल दिया और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।पुलिस ने बताया कि महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में महिला ने बच्ची को अनचाहा करार दिया है।