
बेंगलूरु। कर्नाटक के मांड्या में 82 साल के एक शख्स ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि हर कोई दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर है। भेड़ चराने वाले कामेगौड़ा ने अपने हाथों से पिछले 40 सालों में एक-दो नहीं बल्कि पूरे 14 तालाब बना डाले हैं। इनमें से आठ तालाब पिछले एक साल में ही बने हैं। बेंगलूरु-महावल्ली-कोल्लेगल रोड पर उनके किस्से काफी मशहूर हैं। हालांकि इतना कठिन काम करने वाले कामेगौड़ा का परिवार आज भी डासनाडोड्डी गांव में झोपड़ी में ही रहता है। तालाब बनाने के साथ-साथ उन्होंने भेड़ चराने के दौरान कई पेड़ भी लगाए हैं।
...ऐसे मिली तालाब निर्माण की प्रेरणा
बताया जाता है कि कामेगौड़ा को काम के लिए कई सारे इनामों और पैसों का इस्तेमाल भी समाज कल्याण के लिए ही किया। कामेगौड़ा बताते हैं, 'मैं पहाड़ियों पर जब जानवर चराने जाता था तो उनके लिए कहीं पर भी पानी नहीं मिलता था और जानवर प्यासे रह जाते थे। इसी के चलते ऊंचाई पर जानवर नहीं मिलते थे। यह देखकर मैंने गड्ढे बनाने शुरू कर दिए। जब तक जानवर चरते रहते मैं लकड़ी की मदद से गड्ढे खोदता था। पहली बार खुदाई करते समय कुछ फीट खोदने के बाद ही पानी मिल गया था।'
82 की उम्र में भी करते हैं चढ़ाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक वे बताते हैं कि शुरुआत में लकड़ी से गड्ढे खोदते थे, लेकिन बाद में औजार खरीदे। औजार खरीदने के लिए उन्होंने कुछ भेड़ें भी बेच दी। इसी साल में वे पहाड़ी पर दो हजार से ज्यादा बरगद के पेड़ लगा चुके हैं। 82 की उम्र में भी वे पूरी तरह से फिट हैं और आज भी पहाड़ चढ़ते हैं। उन्होंने तालाबों का नाम पौराणिक कथाओं के नाम पर रखा है। वह बताते हैं कि उन्होंने पहले तालाब का नाम गोकर्ण और झीलों को जोड़ने वाली सड़क का नाम राम और लक्ष्मण के नाम पर रखा था।