प्रेमिका पर रौब जमाने के चक्कर में सिर फिरे आशिक ने रचा फिल्मी ड्रामा, पिता को पिटवाने के चक्कर में खुद भी पिट गया।
मुंबई। सिरफिरे आशिकों के बारे में आपने कई बार पढ़ा होगा। कुछ आशिकों को तो फिल्मों में भी देखा होगा कि किस तरह अपनी प्रेमिका पर प्रभाव डालने के लिए वो किसी भी हद तक चले जाते हैं। खास तौर पर गुंड़ों से भिड़ना वो शान समझते हैं और उन्हें लगता है कि इससे उनकी प्रेमिका उनसे प्रभावित हो जाएगी। लेकिन असल जिंदगी में ये कितना घातक साबित हो सकता है इसका एक उदाहरण माया नगरी में देखने को मिला। दरअसल यहां एक प्रेमी अपनी प्रेमिका पर रुतबा जमाने के चक्कर में गुंडों से भिड़ जाता है और उसकी ये टक्कर उसके लिए ही मुसीबत बन जाती है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
अंधेरी का रहने वाला रूपए भोज ने अपनी प्रेमिका पर इम्प्रेशन जमाने के लिए भाड़े के कुछ गुंडे बुलाए और लड़की के पिता की पिटाई करने भेज दिया। इसके बाद वह हीरो की तरह पीड़ित को गुंडों से बचाने पहुंच गया। लेकिन, इसके बाद जो हुआ आपको भी चौंका देगा। दरअसल इन भाड़े के गुंडों ने रूपेश की भी जमकर धुनाई कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौक पर तुरंत पहुंच गई। डीएन नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही 6 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद मामले में विस्तार से पूछताछ शुरू हुई। पूछताछ के दौरान भाड़े पर बुलाए गए गुंडे अब्बास शेख ने कुछ खुलासे किए। अब्बास के मुताबिक उन्हें और उसके कुछ लोगों को इस काम के लिए रूपेश ने बुलाया था, और इसके बदले में 90 हजार रुपए देने की बात कही थी, लेकिन जब पैसे को लेकर रूपेश आना कानी करने लगा तो इन गुंडों ने उसे भी पीट डाला।
कुलमिलाकर इस पूरी वारदात में रूपेश तो निकला था अपनी प्रेमिका पर रौब जमाने, लेकिन उसका ये ड्रामा उस पर ही भारी पड़ गया और अब वो जेल की हवा खा रहा है।