विविध भारत

खुशखबरीः मुंबई की विक्टोरियन गोथिक इमारत यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल

मुंबई की विक्टोरियन गोथिक इमारत यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल
2 min read
• •
Updated: 1 Jul 2018, 9:48 AM IST
mumbai
खुश खबरीः मुंबई की विक्टोरियन गोथिक इमारत यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल सूची में शामिल

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने एक बार फिर देशवासियों को लिए गौरव का पल संजोया है। जी हां एलिफेंटा गुफाओं और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन (विक्टोरिया टर्मिनस) के बाद विक्टोरियन गोथिक और आर्ट डेको इमारतों को यूनेस्कों की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल किया गया है। शनिवार को यूनेस्को की विश्व धरोहर समिति के 42वें सत्र में यह फैसला लिया गया। इस तमगे से देश में विश्व धरोहर स्थलों की संख्या बढ़कर अब 37 हो गई है।


माया नगरी को मिला तीसरा ऐसा सम्मान
पिछले साल गुजरात के अहमदाबाद को विश्व धरोहर शहर घोषित किया गया था। अहमदाबाद विश्व धरोहर शहर घोषित किया जाने वाला भारत का पहला शहर है। शनिवार को यूनेस्को ने ट्वीट किया, यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल के रूप में मुंबई का विक्टोरियन गोथिक और आर्ट डेको एनसेंबल्स शामिल किया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विक्टोरियन गोथिक और आर्ट डेको को यूनेस्को के विश्व विरासत स्थल की सूची में शामिल किए जाने पर मुंबई की जनता को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर के जरिये जारी अपने संदेश में कहा, विक्टोरियन गोथिक और आर्ट डेको को यूनेस्को के विश्व विरासत स्थल में शामिल किए जाने पर मुंबई की जनता को बधाई। यह मुंबई के इतिहास और विरासत को मान्यता है।

16.44 लाख रुपए में बना था विक्टोरियन गोथिक भवन
दक्षिण मुंबई में स्थित विक्टोरियन गोथिक आर्ट डेको के भवनों को मियामी के बाद दुनिया की सबसे बड़ी भवन श्रंखला में शामिल किया जाता है। बांबे हाईकोर्ट का भवन विक्टोरियन गोथिक शैली का बेहतरीन नमूना है। इस भवन के आस-पास विशाल मैदान है। विक्टोरियन गोथिक का निर्माण 19वीं सदी में हुआ था। बांबे हाईकोर्ट के भवन का निर्माण 1871 में शुरू हुआ और 1878 में पूरा हुआ। तब 16.44 लाख में बने इस भवन के वास्तुविद जेए फुलेर थे।

20 साल में तैयार हुईं आर्ट डेको इमारतें
मुंबई की आर्ट डेको बिल्डिंग में आवासीय भवन, व्यवसायिक दफ्तर, अस्पताल, मूवी थियेटर आदि आते हैं। मैदान के पश्चिमी इलाके में स्थित आर्ट डेको भवनों का निर्माण 1930 से 1950 के बीच हुआ। इसी क्षेत्र में रीगल और इरोस सिनेमा घर भी आते हैं। इरोज सिनेमा का भवन आर्ट डेको शैली का बेहतरी उदाहरण है। इस सिनेमाघर में 1,204 लोगों की बैठने की क्षमता है।


अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुंबई शहर के धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिलना देश के लिए बड़े गर्व की बात है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को कई तरीके से मजबूती मिलेगी। केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्रालय ने कहा कि यूनेस्को के इस तमगे से देश में विश्व धरोहर स्थलों की संख्या बढ़कर अब 37 हो गई है जिनमें 29 सांस्कृतिक, 7 प्राकृतिक और 1 मिश्रित स्थल हैं। केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मुंबई और पूरे देश के लोगों को बधाई दी। दिल्ली की तरह अब मुंबई में भी तीन विश्व धरोहर स्थल हो गए हैं। दिल्ली में लाल किला , कुतुब मीनार और हुमायूं का मकबरा विश्व धरोहर स्थल हैं।

Published on: