
मुंबई। सोमवार से शुरू हुई गणेेश पूजा में इंद्र देव ने विघ्न डालना शुरू कर दिया है। मुंबई में बीते 24 घटों में रुक-रुककर भारी बारिश हुई है और यह सुबह करीब साढ़े आठ बजे थी। मुंबई के अलावा नवी मुंबई और ठाणे में भी बारिश ने लोगों को परेशान किया। सांता क्रूज मौसम विभाग के मुताबिक 2 से 3 सितंबर के बीच यहां पर 131.4 मिलीमीटर यानी भारी बारिश की श्रेणी वाला बरसात रिकॉर्ड की गई। वहीं, मौसम विभाग ने अब मुंबई में आगामी 6 सितंबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में 6 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने इसके लिए चेतावनी भी जारी की है। जबकि 6 सितंबर को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बता दें कि ऑरेंज अलर्ट का मतलब उस स्थिति के लिए होता है जब संबंधित स्थान में मौसम में काफी खराबी आने वाली हो। इस चेतावनी के जरिये लोगों को आगाह किया जाता है कि मौसम बिगड़ने के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।
वहीं, मुंबई में हो रही बारिश गणेश पूजा के दौरान लोगों को परेशान कर रही है। बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव की समस्या होने लगी है। जबकि गणपति महोत्सव के दौरान लोगों की भारी तादाद सड़कों पर होती है।
मौसम विभाग ने अलीबाग में 133 मिलीमीटर जबकि ठाणे-बेलापुर में 190 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। बारिश से आलम यह हो गया है कि कई इलाकों में जलभराव की समस्या है, तो कई स्थानों पर बेस्ट बसों का मार्ग भी बदला गया है।
मौसम की मार से यातायात पर फर्क पड़ा है। एयरपोर्ट पर बारिश के चलते फ्लाइट लैंडिंग में पांच मिनट और टेकऑफ में 16 मिनट की देरी देखने को मिल रही है। हालांकि अच्छी बात यह है कि मुंबई की लोकल ट्रेनों का परिचालन अभी तक यथावत है।
इस बीच बीएमसी ने समुद्र की ऊंची लहरों से होने वाले खतरे को भांपते हुए लोगों को चेतावनी दी है कि वे समुद्र के नजदीक न जाएं।