
नई दिल्ली। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिये पंजाब में भारी संख्या में हथियार गिराए जाने की घटना के बाद पंजाब में हड़कंप मच गया है। इस बड़ी घटना के बाद पंजाब सरकार हरकत में आ गई है। इस बड़े आतंकी हमले की तैयारी माना जा रहा है। खास बात यह है कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस मामले से निपटने की तैयारी कर ली है।
यही वजह है कि सीएम अमरिंदर सिंह ने अब गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है। सीएम ने शाह से इन हालातों से जल्दी निपटने का आग्रह भी किया है।
सीएम अमरिंदर सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक ट्वीट किया है।
इसमें उन्होंने लिखा, ' पाकिस्तान के ड्रोन का इस्तेमाल कर हथियारों और कारतूसों की खेप गिराने की हालिया घटना कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को उजागर करता है।
मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इससे जल्द से जल्द निपटने का आग्रह करता हूं।'
आपको बता दें कि पंजाब पुलिस ने पिछले दिनों दावा किया था कि इस महीने पाकिस्तान की ओर ड्रोन के जरिये 8 बार हथियार गिराने की कोशिश की गई है।
यह मामला राज्य में खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के बाद सामने आया है।