CVC ने पीएनबी घाटाले की तह तक जाने के लिए वित्त मंत्रालय और पंजाब नेशनल बैंक के उच्च अधिकारियों को तलब किया है।
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक घोटाला मामले की जांच अब देश की लगभग सभी टॉप एजेंसियों ने शुरु कर दी है। सीबीआई और ईडी के बाद अब केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीवीसी ने इस घाटाले के तह तक जाने के लिए वित्त मंत्रालय और पंजाब नेशनल बैंक के उच्च अधिकारियों को तलब किया है। सीवीसी ने इन सभी को 19 फरवरी तक पेश होने के आदेश दिए हैं।
CVC ने मांगा प्रजेंटेंशन
खबर ये भी है कि पंजाब नेशनल बैंक के चीफ विजिलेंस ऑफिसर भी सीवीसी के निशाने पर हैं। नीरव मोदी ने किस तरह बैंक में 11 हजार करोड़ से ज्यादा का घोटाला कर दिया, इसे लेकर प्रेजेंटेशन भी मांगा गया है।
फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड तक पहुंची CBI
देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले में मोदी सरकार भी घिरती हुई नजर आ रही है, क्योंकि लास्ट टाइम नीरव मोदी को दावोस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देखा गया था। नीरव मोदी पर कार्रवाई बीच सीबीआई की टीम इस फर्जीवाडे़ के मास्टरमाइंड गोकुलनाथ शेट्टी के घर पहुंच गई है। गोकुलनाथ घर पर नहीं है। शेट्टी की पत्नी घर का दरवाजा नहीं खोल रही है, जिसके चलते टीम अंदर दाखिल नहीं हो पा रही है। वहीं सीबीआई ने इस मामले में अन्य आरोपी मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीएनबी ने 8 कर्मचारियों को किया सस्पेंड
इस घोटाले को लेकर अभी तक सरकार से लेकर पंजाब नेशनल बैंक सख्ती दिखा चुका है। जहां एक तरफ सरकार नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है तो वहीं पंजाब नेशनल बैंक ने भी आंतरिक जांच के बाद अपने 8 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। अभी तक पीएनबी ने अपने 18 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इसमें कई उंचे पद के अधिकारी भी शामिल हैं।
पकड़ने के लिए इंटरपोल सक्रिय
इस बीच, नीरव मोदी के देश के बाहर होने की सूचना के बाद इंटरपोल को भी अलर्ट कर दिया गया है। डिफ्यूजन नोटिस जारी कर इंटरपोल के जरिए नीरव मोदी और अन्य सहयोगियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। ईडी सूत्रों के मुताबिक खबर आई थी कि नीरव मोदी देश छोड़ चुका है और स्विट्जरलैंड में हो सकता है। पीएनबी महाघोटाले में इंटरपोल की ओर से नीरव मोदी, अनी मोदी, मेहुल चौकसी और निशाल मोदी के खिलाफ डिफ्यूजन नोटिस जारी किया गया है।
5100 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है अब तक
आपको बता दें कि नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक में 11,400 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोपी है और फिलाहल देश से बाहर है। पिछले 2 दिनों से नीरव के ठिकानों पर ईडी और इनकम टैक्स की छापेमारी चल रही है। अभी तक इस कार्रवाई में 5100 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इसके अलावा नीरव मोदी के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके अलावा मेहुल चौकसी के गीतांजलि ग्रुप के 6 राज्यों में 20 ठिकानों पर भी छापेमारी हो रही है।