
नई दिल्ली। पीएनबी स्कैम मामले में सीबीआई ने फर्जी LoU जारी कराने वाले बैंक के 3 अधिकारियों को सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 3 मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इन अफसरों में डिप्टी मैनेजर रहे गोकुलनाथ शेट्टी, मनोज खराट समेत एक अन्य शामिल हैं। हिरासत के दौरान पुलिस इनसे घोटाले और नीरव मोदी के बारे में बड़े राज उगलवा सकती है। पेशी के लिए जब इनको कोर्ट लगाया गया तो तीनों ने अपने मुंह ढक रखे थे।
देश छोड़ भागा नीरव मोदी, खोज में जुटा मंत्रालय
देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले में देश छोड़कर भाग चुके हीरा व्यापारी नीरव मोदी के खिलाफ भारत सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। अब आखिरकार नीरव के ठिकाने का पता लगा लिया गया है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक नीरव मोदी अमरीका में न्यूयॉर्क स्थित एक होटल में छुपा हुआ है। भारतीय विदेश मंत्रालय इस सम्बन्ध में अमरीकी अधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि नीरव मोदी को भारत लाया जा सके।साथ ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 13 फरवरी को पंजाब नेशनल बैंक द्वारा की गई एक नई शिकायत के आधार पर मेहुल चौकसी द्वारा संचालित गीतांजलि समूह के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
गीतांजलि समूह की कंपनियों के 20 स्थानों पर छापेमारी
यह दूसरी FIR में कथित धोखाधड़ी में नीरव मोदी, उनके अंकल चौकसी और पीएनबी द्वारा जारी की गई गारंटियों के आधार पर उनसे संबंधित संस्थाओं को विदेशी भुगतान को शामिल किया गया है। जांच एजेंसी ने शुक्रवार को पांच राज्यों में गीतांजलि समूह की कंपनियों के 20 स्थानों पर छापेमारी की है। एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि छापेमारी के परिणामस्वरूप ऐसे दस्तावेजों और अन्य वस्तुओं को बरामद किया गया जिससे उनका दोष साबित हो सकता है। बता दें दूसरी FIR गीतांजलि समूह की इकाइयाें गीतांजलि जेम्स, गिली इंडिया और नक्षत्र को जारी किए गए 4,887 करोड़ रुपए से संबंधित है।
नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के पासपोर्ट रद्द
बता दें कि पिछले 2 दिनों से नीरव मोदी के ठिकानों पर हो रही छापेमारी के बाद शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के पासपोर्ट रद्द कर दिए थे। पासपोर्ट सस्पेंड करने के अलावा शुक्रवार को नीरव मोदी के मुंबई स्थित बुटीक पर भी इनकम टैक्स ने नोटिस चिपका दिया।
5100 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है अब तक
आपको बता दें कि नीरव मोदी पंजाब नेशनल बैंक में 11,400 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोपी है और फिलाहल देश से बाहर है। पिछले 2 दिनों से नीरव के ठिकानों पर ईडी और इनकम टैक्स की छापेमारी चल रही है। अभी तक इस कार्रवाई में 5100 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इसके अलावा नीरव मोदी के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इसके अलावा मेहुल चौकसी के गीतांजलि ग्रुप के 6 राज्यों में 20 ठिकानों पर भी छापेमारी हो रही है।
फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड तक पहुंची सीबीआई
देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले में मोदी सरकार भी घिरती हुई नजर आ रही है, क्योंकि लास्ट टाइम नीरव मोदी को दावोस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देखा गया था। नीरव मोदी पर कार्रवाई बीच सीबीआई की टीम इस फर्जीवाडे़ के मास्टरमाइंड गोकुलनाथ शेट्टी के घर पहुंच गई है। गोकुलनाथ घर पर नहीं है। शेट्टी की पत्नी घर का दरवाजा नहीं खोल रही है, जिसके चलते टीम अंदर दाखिल नहीं हो पा रही है। वहीं सीबीआई ने इस मामले में अन्य आरोपी मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीएनबी ने 8 कर्मचारियों को किया सस्पेंड
इस घोटाले को लेकर अभी तक सरकार से लेकर पंजाब नेशनल बैंक सख्ती दिखा चुका है। जहां एक तरफ सरकार नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है तो वहीं पंजाब नेशनल बैंक ने भी आंतरिक जांच के बाद अपने 8 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। अभी तक पीएनबी ने अपने 18 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इसमें कई उंचे पद के अधिकारी भी शामिल हैं।
पकड़ने के लिए इंटरपोल सक्रिय
इस बीच, नीरव मोदी के देश के बाहर होने की सूचना के बाद इंटरपोल को भी अलर्ट कर दिया गया है। डिफ्यूजन नोटिस जारी कर इंटरपोल के जरिए नीरव मोदी और अन्य सहयोगियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। ईडी सूत्रों के मुताबिक कल खबर आई थी कि नीरव मोदी देश छोड़ चुका है और स्विट्जरलैंड में हो सकता है। पीएनबी महाघोटाले में इंटरपोल की ओर से नीरव मोदी, अनी मोदी, मेहुल चौकसी और निशाल मोदी के खिलाफ डिफ्यूजन नोटिस जारी किया गया है।
Updated on:
17 Feb 2018 06:25 pm
Published on:
17 Feb 2018 08:33 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
