
पुणे। शिवाजी नगर रेलवे स्टेशन के पीछे जूना बाजार स्थित शहीद अमर शेख चौक पर शुक्रवार को एक अवैध होर्डिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि करीब सात लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है। इस हादसे में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार है शिवाजी नगर
पुणे के उपनगरीय इलाके में स्थित शिवाजी नगर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल लोगों में कुछ की हालत बेहद गंभीर है। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों और दमकलकर्मियों ने होर्डिंग हटाए और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। भारी लोहे से बना यह होर्डिंग गिरते ही इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतकों में एक रिक्शा चालक भी शामिल है।
होर्डिंग लगाने में हुआ नियमों का उल्लंघन
इस हादसे पर टिप्पणी करते हुए पुणे महानगरपालिका के अधिकारी ने कहा कि यहां होर्डिंग लगाने की अनुमति रेलवे प्रशासन की तरफ से दी जाती है। उनका कहना है कि ये होर्डिंग लगाने में नियमों की अवहेलना की गई है। अधिकारी ने यह भी कहा कि इसमें महानगरपालिका का कोई हस्तक्षेप नहीं है।