Pune Wall Collapse में 15 लोगों की मौत हादसा Pune के कोंधवा इलाके में तालाब मस्जिद के पास 60 फीट ऊंची दीवार पास ही बनी झुग्गी-झोपडियों पर गिर गई
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे में दीवार ढहने से 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। बिल्डर विवेक अग्रवाल और विपुल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोंधवा में शुक्रवार देर रात सोसाइटी की दीवार झुग्गियों पर गिर गई थी। हादसे से चारों ओर हडकंप मच गया। राज्य के सीएम देवेंद्र फडनवीस ने मामले में जांच बैठाई है। उन्होंने ट्वीट कर घटना पर दुख भी जताया। सरकार ने चार सदस्यीय जांच कमेटी बनाई। इसके साथ ही फडणवीस सरकार ने मरने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं एनसीपी नेता सुप्रिया सोले ने भी घटनास्थल का दौरा किया ।
महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। हादसे में मारे गए सभी लोग बिहार के कटिहार के रहने वाले थे। कटिहार में मातम का माहौल है।
हादसा पुणे के कोंधवा इलाके में तालाब मस्जिद के पास
जानकारी के अनुसार यह हादसा ( Pune Wall Collapse ) पुणे के कोंधवा इलाके में तालाब मस्जिद के पास का है। यहां 60 फीट ऊंची एक दीवार अचानक भराभरा कर पास ही बनी झुग्गी-झोपडियों पर गिर गई। इसके नीचे दबकर 15 लोगों की मौत हो गई। हालांकि अभी भी मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना है।
दीवार उनके कच्चे मकानों पर गिर गई
हादसे ( Pune Wall Collapse ) का कारण महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई भी भीषण बारिश बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यहां एक सोसायटी का निर्माण कार्य चल रहा था। जबकि सोसायटी के निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों की झोपड़ियां भी पास ही बनी थीं।
तभी एक निर्माणाधीन दीवार उनके कच्चे मकानों पर गिर गई, जिससे बडा हादसा हो गया। दमकल विभाग के अनुसार मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में घायल लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मानसून की पहली जोरदार बारिश
मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई। तेज बारिश के चलते अलग-अगल हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। अलग-अलग घटनाओं में दो और लोग घायल हो गए हैं।
बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई, जिससे ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों का सामना लोगों को करना पड़ा। इसके अलावा कई ट्रेनों और विमानों की उड़ान पर भी बारिश का असर पड़ा।
उत्तर-पश्चिम मुंबई के गोरेगांव उपनगर में एक नाबालिग लड़की सहित एक परिवार के चार लोग बिजली के तार की चपेट में आ गए जिससे दो लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए।
बृहन्मुंबई नगर निगम ( BMC ) ने कहा कि 60 वर्षीय राजेंद्र यादव और 24 वर्षीय संजय यादव की मौत हो गई है, जबकि घायल पीड़ितों में 24 वर्षीय दीपू यादव और पांच वर्षीय आशा यादव शामिल हैं।
आरटीओ कार्यालय के पास बिजली का झटका
अंधेरी में एक अन्य घटना में, एक 60 वर्षीय महिला काशीमा युदियार को आरटीओ कार्यालय के पास बिजली का झटका लग गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि ठाणे जिले के विक्रमगढ़ में तेरनपाड़ा गांव का एक आठ साल का लड़का महेन्द्र बडगा जब अपने घर के बाहर खेला था, तब उसके ऊपर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।