विविध भारत

राहुल गांधी ने पीएम मोदी की पहल की तारीफ की, कहा- केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें पीएम

कांग्रेस पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि अपना एक महीने का वेतन केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे।
2 min read
• •
Updated: 19 Aug 2018, 3:10 PM IST
rhul
राहुल गांधी ने पीएम मोदी की पहल की तारीफ की, कहा- केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें पीएम

नई दिल्‍ली। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का अंतिम संस्‍कार होते ही पीएम नरेंद्र मोदी का केरल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे के लिए रवाना होने और केंद्र की ओर से 500 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित करने को कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने तारीफ की है। उन्‍होंने कहा कि पीएम की ओर से राहत पैकेज की घोषणा काफी नहीं है। केरल के लोगों को इससे ज्‍यादा सहयोग की आवश्‍यकता है। पीएम मोदी को चाहिए कि केरल में बाढ़ के तांडव को राष्‍ट्रीय आपदा घोषित करें।

आपदा घोषित करने में संकोच न करें
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि प्रिय प्रधानमंत्री, केरल में राहत के लिए 500 करोड़ रुपए का आवंटन एक अच्छा कदम है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। यह जरूरी है कि आप इस बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें। कृपया संकोच मत करिए क्योंकि केरल के लोग बहुत परेशानी का सामना कर रहे हैं। इससे पहले गांधी ने कहा था कि बिना विलंब किए हुए केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित की जाए। हमारे करोड़ों लोगों का जीवन, जीविका और भविष्य दांव पर है। गांधी ने आज यह भी फैसला किया कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य अपना एक महीने का वेतन केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे।

11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आपको बता दें कि केरल में बाढ़ ने बर्बादी मचा दी है। अब मृतकों की संख्या बढ़कर 357 तक पहुंच गई है। जबकि करीब सात लाख लोग शिविरों में रहने पर मजबूर हैं। आज थोड़ी राहत भरी खबर है और रेल अलर्ट हटा लिया गया है। राज्य के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दो जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। ऑरेंज अलर्ट के तहत क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना रहता है। जबकि येलो अलर्ट में कुछ हिस्से में बारिश का अनुमान होता है। तबाही के बीच इस बीच केंद्र सरकार से लेकर तमाम राज्य सरकारें तबाही के इस वक्त में केरल की मदद के लिए आगे आई हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित केरल को तत्काल 500 करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। पीएम मोदी ने सभी मृतकों के परिजन को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए देने की भी घोषणा की है।

Published on: