
नई दिल्ली। देश में 70वां गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड के चलते राष्ट्रीय राजधारी दिल्ली में कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस ने इस दौरान विजय चौक और लाल किला मैदान के बीच यातायात पर विशेष ध्यान दिया है। इस दौरान दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के चलते सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशनों पर मेट्रो में चढ़ने-उतरने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि मेट्रो में यात्रा करने वाले लोगों के लिए सभी स्टेशनों पर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। जानकारी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग (रेस कोर्स) और पटेल चौक पर सुबह 8.45 से दोपहर 12 बजे तक आवागम को प्रतिबंधित रखा गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत विजय चौक से सुबह 9.50 बजे होगी। यह परेड़ राजपथ, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए लाल किला पर संपन्न होगी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने परेड पूरी होने तक राजपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने की एडवाइजरी जारी की है। जबकि रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड के ट्रैफिक को भी परेड समाप्त होने तक प्रतिबंधित रखा गया है।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (यातायात) आलोक कुमार के अनुसार गणतंत्र दिवस को सुबह 10.00 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और सुभाष मार्ग पर वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं है। यह प्रतिबंधन दोनों तरफ से वाहनों पर लागू किया गया है। इस दौरान लोगों को योजना बनाकर घरों से निकलने की सलाह दी गई है।