
नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए)की धारा 45 के तहत आती उन दो शर्तों को ये कहते हुए असंवैधानिक करार दिया कि ये आर्टिकल 21 के तहत आते जीने के अधिकार तथा स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करती हैं। एक्ट की धारा 45 तहत दो शर्तें थीं। पहली ये कि किसी भी आरोपी को तब तक जमानत नहीं दी जा सकती, जब तक सरकारी वकील को जमानत का विरोध करने का मौका न मिले। दूसरी शर्त में कहा गया है कि जमानत तभी दी जा सकती है, जब संबंधित कोर्ट को प्रथम द्रष्टा ये लगे कि आरोपी संबंधित मामले में दोषी नहीं है।
ट्रायल कोर्ट्स को नए सिरे से ऐसे मामलों पर विचार करने को कहा
जस्टिस रोहिंटन नरीमन और जस्टिस संजय किशन कौल की की बेंच ने ये फैसला निकेश ताराचंद शाह व अन्य की ओर से दायर याचिका की सुनवाई के दौरान दिया। पीएमएलए के मामले में उन सभी आदेशों को खारिज कर दिया जिसमें धारा 45 के इन दो शर्तों को आधार बनाकर जमानत नहीं दी गई थी। बैंच ने सभी ट्रायल कोर्ट को आदेश दिया कि इसके तहत चल रहे मामलों में वे जमानत अर्जी पर नए सिरे से विचार किया जाए। कोर्ट ने कहा कि इन केसों में जो भी अभियुक्त जेलों में बंद हैं उनकी जमानत अर्जी पर जितनी जल्दी हो सके फैसला किया जाए।
जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करती हैं शर्तें
बैंच ने टिप्पणी की क पीएमएलए के सेक्शन 45 के तहत ये दो कठोर प्रावधान हैं, जो व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं। ये संविधान की धारा 14 और 21 में उल्लिखित जीने के अधिकार और स्वतंत्रता के अधिकार का सीधा-सीधा उल्लंघन करते हैं। बता दें, इस संबंध में दायर याचिका में कहा गया था कि इस सेक्शन के चलते जमानत मिलना बहुत ही मुश्किल है। कोर्ट ने माना कि पीएमएलए एक्ट का सेक्शन 45 कानूनन गलत है और इसे बरकरार नहीं रखा जा सकता।