विविध भारत

भारत में वैक्सीन के सबसे ज्यादा दाम वसूल रही SII, ये रहे बाकी देशों में Covishield की कीमत

SII ने ट्वीट करते हुए बताया है कि प्राइवेट अस्पतालों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत 600 रुपये प्रति डोज होगी, जबकि सरकार को 400 रुपये में मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 24 Apr 2021, 7:57 PM IST
covishield.png
SII is charging highest price of Covishield vaccine in India than other countries

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने जहां एक ओर चिंता बढ़ा दी है, वहीं दूसरी तरफ अब वैक्सीन की कीमत को लेकर भी बवाल शुरू हो गया है। दरअसल, वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने शनिवार को कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत तय कर दी है।

SII ने ट्वीट करते हुए बताया है कि प्राइवेट अस्पतालों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत 600 रुपये होगी। SII ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक निजी अस्पतालों को कोविशील्ड की प्रति डोज 600 रुपये में दी जाएगी। कंपनी के अनुसार, भारत में कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत बहुत कम है।

लेकिन, यदि बाकी देशों से तुलना करें तो SII भारत में कोविशील्ड की एक डोज की कीमत बहुत अधिक वसूल रही है। बाकी देशों में कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत भारत के तुलना में बहुत कम है। बता दें कि भारत में पहले कोविशील्ड की कीमत बहुत कम थी। SII ने इसकी कीमत बढ़ाने को लेकर मुख्य वजह बताई है।

ये है कोविशिल्ड की कीमत बढ़ाने की वजह

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने एक बयान में कहा कि अग्रिम फंडिंग यानी एडवांस फंडिंग की वजह से COVID वैक्सीन की शुरुआती कीमतें वैश्विक स्तर पर कम थीं। लेकिन अब उसे स्केलिंग यानी बड़े स्तर पर वैक्सीन उत्पादन के लिए निवेश करना होगा इसलिए कीमतों में इजाफा हुआ है। कंपनी ने कहा कि टीकों के सीमित हिस्से को प्राइवेट अस्पतालों को 600 रुपये प्रति डोज पर बेचा जाएगा।

बता दें कि कुछ समय पहले वैक्सीन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने कहा था कि ‘कोविशील्ड’ की कीमत राज्य सरकारों के लिए 400 रुपये प्रति खुराक तथा निजी अस्पतालों के लिए 600 रुपये प्रति खुराक होगी। इससे पहले सरकारों को 150 रुपये प्रति खुराक दी जा रही थी। लेकिन अब मौजूदा अनुबंध समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार व राज्य सरकारों के लिए भी वैक्सीन की कीमत 400 रुपये प्रति खुराक होगी।

इन देशों में इतनी है कोविशिल्ड वैक्सीन की कीमत

आपको बता दें कि जहां भारत में निजी अस्पतालों को कोविशील्ड की प्रति डोज 600 रुपये में मिलेगी, वहीं सरकार को भी 400 रुपये में प्रति डोज दी जाएगी। भारत के बाहर जिन देशों में कोविशील्ड भेजी जा रही है वहां पर भारत की तुलना में कोविशील्ड की प्रति डोज की कीमत बहुत कम है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में कोविशील्ड की एक डोज की कीमत 8 अमरीकी डॉलर से अधिक (600 रुपये) है, जबकि सऊदी अरब में 5.25 यूएस डॉलर (393 रुपये), दक्षिण अफ्रीका में 5.25 यूएस डॉलर (393 रुपये), अमरीका में 4 यूएस डॉलर (300 रुपये), बांग्लादेश में 4 यूएस डॉलर (300 रुपये), ब्राजील में 3.15 यूएस डॉलर (236 रुपये), ब्रिटेन में 3 यूएस डॉलर (225 रुपये) और यूरोप में 2.15 से 3.50 यूएस डॉलर (160-262 रुपये) है।

Updated on:
24 Apr 2021, 7:57 PM IST
Published on: