
नई दिल्ली। अभी ठंड की ठीक से शुरुआत भी नहीं हुई है, लेकिन हिमाचल प्रदेश ( Himachal Pradesh ) के लाहौल-स्पीति जिले में भारी बर्फबारी ( Snowfall ) जारी है। कीलोंग क्षेत्र में 8 इंच बर्फबारी होने की सूचना है। इस क्षेत्र से सोमवार सुबह भी बड़े पैमाने पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी की वजह से हिमाचल की वादियों में खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं। बर्फबारी वाले क्षेत्र में नजारा मनमोहक हो उठा है।
लाहौल-स्पीति क्षेत्र में बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे गिर चुका है। भारतीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के कारण मैदानी क्षेत्रों का पारा भी गिर सकता है।
हाल ही में पीएम मोदी ने रोहतांग में जिस अटल टनल का उद्घाटन किया था उस क्षेत्र के कई इलाकों में बीते दिनों सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फवारी के चलते मनाली-लेह मार्ग पर रविवार तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।