
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर घाटी में पत्रकार शुजात बुखारी की आतंकियों द्वारा हत्या के बाद शुक्रवार को एक बार फिर से आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इस हमले में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बता दें कि आतंकियों ने यह हमला बाहरी श्रीनगर के शिरीन बाग स्थित डेंटल कॉलेज में किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घायलों में से एक जवान स्पेशल पुलिस अधिकारी है जबकि दूसरा एक हवलदार है। बता दें कि आतंकियों ने यह हमला राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी की हत्या और राष्ट्रीय राइफल के जवान औरंगजेब की हत्या करने के ठीक अगले दिन ही किया है।
भारतीय जवान औरंगजेब और संपादक शुजात बुखारी की हत्या
आपको बता दें कि गुरुवार को शुजात बुखारी और उसके दो सुरक्षाकर्मियों को अज्ञात हमलावरों ने समाचारपत्र कार्यालय के बाहर गोली मार दी थी। बता दें कि 50 वर्षीय शुजात बुखारी श्रीनगर में लाल चौक सिटी सेंटर स्थित अपने ऑफिस प्रेस इनक्लेव से निकलकर एक इफ़्तार पार्टी में जा रहे थे तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। हालांकि अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने बुखारी की हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। कश्मीर जोनल पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज का आधार पर तीन संदिग्ध हमलावरों की तस्वीर को जारी किया है। बता दें कि कश्मीर में वहीं एक दूसरी घटना में सबसे पहले भारतीय जवान औरंगजेब को आतंकियों ने अगवा कर लिया और फिर कुछ समय बाद उसकी हत्या कर उनके शव को पुलवामा में फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि औरंगजेब ईद मनाने के लिए अपने घर पूंछ जा रहा था कि तभी अचानक आतंकवादियों ने उनको अगवा कर लिया।