विविध भारत

70 साल में भी पिछली सरकारें अपने वादे पूरे नहीं कर सकीं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो एप के जरिए ज्योति योजना के लाभार्थियों से बातचीत की।
2 min read
• •
Updated: 19 Jul 2018, 10:48 AM IST
modi
70 साल में भी पिछली सरकारें अपने वादे पूरे नहीं कर सकीं: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के लाभार्थियों से नमो एप के जरिए बातचीत की। उन्होंने बिजली से संबंधित सभी समस्याओं को सुनने के बाद सरकार के कामकाज का विवरण दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने अपने वादे पूरे नहीं किए। 70 सालों में 18 हजार गांवों तक बिजली नहीं पहुंच सकी। लाभार्थियों से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने बिजली देने का वादा किया था और 2009 तक हर घर तक बिजली पहुंचाने की बात कही थी,लेकिन कोई भी वादा आज तक पूरा नहीं किया गया। पिछली सरकारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

बिना देरी के बिजली पहुंचाने का काम किया

पीएम मोदी ने कहा कि हमने बिना देरी के बिजली पहुंचाने का काम शुरू किया। 2014 तक 18,000 गांवों में बिजली नहीं थी पर एक मई, 2018 तक 18,452 गांवों तक हमने बिजली पहुंचाई। हमने हर गांव तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। सरकार ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना की शुरुआत की। पीएम ने कहा कि 2005 में पिछली सरकार ने 2009 तक हर एक गांव में बिजली पहुंचाने का वादा किया था। उस समय की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष एक कदम और आगे निकल गए थे और कहा था कि हम हर घर में बिजली लाएंगे पर उनके इतने लंबे कार्यकाल में भी ऐसा कुछ नहीं हो सका।

क्या है ज्योति योजना

दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना पूरे ग्रामीण भारत को निरंतर बिजली की आपूर्ति प्रदान करने के लिए बनाई गई है। इसकी घोषणा नवंबर 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की गई। यह भारत सरकार की प्रमुख पहलों में से एक है और विद्युत मंत्रालय का एक प्रमुख कार्यक्रम है। इससे ग्रामीण परिवारों को सबसे अधिक फायदा होगा।बिजली आपूर्ति पूरी करके सरकार दूर क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उसका मानना है कि दूर क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाकर वह गरीब को सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है।

Published on: