विविध भारत

राजधानी दिल्ली में चक्रवाती तूफान तितली का असर, तेज हवाओं के साथ बदला मौसम

चक्रवाती तूफान तितली और लुबान का दिल्ली-एनसीआर में भी दिखा असर, तेज हवाओं और बूंदा बांदी के साथ मौमस ने ली करवट।
2 min read
delhi ncr weather
राजधानी दिल्ली में चक्रवाती तूफान तितली का असर, तेज हवाओं के साथ बदला मौसम

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के चलते आए चक्रवाती तूफान ने भयावह रूप ले लिया है। इस रूप का असर देश के कई राज्यों पर दिखाई दे रहा है। ओडिशा में जबरदस्त तबाही मचाने के साथ-साथ इसका सीधा असर आंध्रप्रदेश और देश की राजधानी दिल्ली में भी दिखाई दे रहा है। तितली के चलते दिल्ली में मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है। तेज हवाओं और आंधी के साथ इसका असर दिल्ली से सटे नोएडा और गुरुग्राम समेत कई शहरों पर दिखाई दे रहा है।

दोपहर में मौसम ने करवट ली और धूल भरी आंधी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में चल रही आंधी, तितली और लुबान तूफान का असर है।

अब लुबान की सक्रियता और जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी राजस्थान में साइक्लॉनिक सर्कुलेशन बन रहा है। यह दिल्ली की तरफ बढ़ रहा है। यही वजह है कि गुरुवार सुबह से ही दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। बादल छाने की वजह से दिल्ली में ग्रीन हाउस इफेक्ट की वजह से रात को तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा हो सकता है।

इससे पहले गुरुवार सुबह ओडिशा में जमकर तबाही मचाने के बाद इस तूफान का असर आंध्रप्रदेश में भी देखने को मिला। इसके चलते प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। कई जिलों में एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद हैं। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। इस तूफान के कारण इस क्षेत्र में भूस्खलन भी हुआ है। चक्रवात की भयावहता को देखते हुए सरकार ने 18 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। 156 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में आप देख सकत हैं किस तरह तूफान की रफ्तार का असर हर जगह दिखाई दे रहा है। डेढ़ सौ किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं ने विकराल रूप ले लिया है। इसकी चपेट में कई पड़े और बिजली के खंभे आ गए हैं। बिजली के साथ-साथ यातायात भी बाधित हो रहा है। वीडियो में आप देख सकत है किस तरह अंधेरा छाया हुआ है।

Updated on:
11 Oct 2018 01:56 pm
Published on:
11 Oct 2018 01:56 pm