
नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर ( Delhi NCR ) सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी है। देश के कई हिस्सों में तापमान ( Temperature ) सामान्य से नीचे गिर चुका है। ठंड की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू और कश्मीर ( Jammu-Kashmir ) के श्रीनगर में पिछले 8 वर्षों में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। दिल्ली एनसीआर में घने कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम रही।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान उत्तर, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा दोनों में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा। जहां सबसे कम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के गंगानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।