विविध भारत

Weather Update: दिल्ली समेत उत्तर भारत में जारी रहेगा शीतलहर का प्रकोप, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update देश के ज्यादातर इलाकों में जारी है शीतलहर का कहर उत्तर भारत में घने कोहरे ने बढ़ाई लोगों की परेशानी राजधानी दिल्ली में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा

2 min read
Jan 16, 2021
शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

नई दिल्ली। देशभर के ज्यादातर इलाकों में इन दिनों मौसम का मिजाज ( weather update ) काफी सर्द है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में लगातार शीतलहर ( Cold Waves in North India ) का प्रकोप जारी है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 48 घंटे तक उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में रहेगा। चलते तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है।

वहीं राजधानी दिल्ली में भी शीतलहर का कहर बदस्तूर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में घना कोहरा लोगों की मुश्किल बढ़ा सकता है।

पहाड़ों पर बर्फबारी थोड़ी कम हो गई है, लेकिन मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। बिहार और उत्तर प्रदेश में ठंड से जनजीवन बेहाल है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 20 जनवरी तक ठंड का सितम यहां जारी रहेगा।

पूसा मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 20 जनवरी तक बिहार के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री और अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार बने हुए हैं।

इन राज्यों में कोहरा बढ़ाएगा मुश्किल
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। इनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा प्रमुख रूप से शामिल है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में अगले 3-4 दिनों तक कोहरा बढ़ सकता है।

मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काइमेट के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से मैदानी इलाकों में चल रही ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान और गिर गया है।

दिल्ली में जारी शीतलहर का कहर
राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली में पिछले कई दिनों से लगातार तापमान कम होने से सर्दी का सितम बढ़ रहा है। स्काइमेट वेदर के मुताबिक ये गिरावट अभी जारी रहेगा साथ ही सुबह के वक्त में घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है।

आपको बता दें कि गुरुवार की सुबह के बाद शुक्रवार और शनिवार की सुबह भी कई इलाकों में गहरे कोहरे के साथ हुई।
वहीं राजधानी की आबोहवा भी काफी खराब स्थिति में पहुंच गई है।

इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल, केरल और माहे और लक्षद्वीप क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं। खास बात यह है कि लंबे समय से चल रही बारिश का सिलसिल 18 जनवरी के बाद कम हो सकता है या रुक भी सकता है।

पहाड़ों पर जारी सर्दी का सितम
पहाड़ों पर सर्दी का सितम जारी है। जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसी तरह कोकेरनाग में शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
भीषण ठंड के कारण डल झील में पानी पहले ही जम चुका है।

Published on:
16 Jan 2021 07:51 am
Also Read
View All