विविध भारत

Monsoon Update: मुंबई में भारी बारिश को लेकर IMD का रेड अलर्ट, दिल्ली में इस दिन दस्तक देगा मानसून

Monsoon Update मुंबई में पिछले 11 दिन में 565.2 मिमि बारिश दर्ज, 10 साल बाद टूट सकते हैं जून के रिकॉर्ड

3 min read
Jun 12, 2021
Weather Update IMD issued red alert in Mumbai next 24 Hours know when monsoon entered in Delhi

नई दिल्ली। मुंबई में मानसून ( Monsoon In Mumbai ) की दस्तक के साथ ही यहां झमाझम बारिश ( Heavy Rainfall ) का दौर जारी है। लगातार दूसरे दिन 24 घंटे में 3 अंकों की बारिश हुई। सांताक्रूज की बेस ऑब्जर्वेटरी में सुबह 8.30 बजे तक 107 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई ने पिछले 3 दिनों में 300 मिमी दर्ज किया है। यह मानसून की शानदार शुरुआत है और अगले कुछ दिनों में और बारिश ( Rain ) होने की संभावना है।

मुंबई में पिछले 10 दिनों में 493.1 मिमी के मासिक सामान्य के मुकाबले कुल 534.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जो वर्ष 2011 यानी 10 साल बाद सबसे अच्छी बारिश है। भारती मौसम विभाग ( IMD ) ने अगले दो दिन यानी 13 और 14 जून को मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जबकि 13 जून के लिए रेड अलर्ट ( Red Alert ) जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून तक मुंबई और उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मुंबई के पास इस महीने 2015 के 1106.7 मिमी के अपने सर्वकालिक जून के रिकॉर्ड से आगे निकलने का मौका है।
पिछले तीन दिनों में मूसलाधार बारिश के बाद, मुंबई में 565.2 मिमी बारिश हुई है, जो मानसून के पहले 11 दिनों में मासिक औसत 505 मिमी से अधिक है।

सांताक्रूज में स्वचालित मौसम स्टेशन के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में मुंबई में 107 मिमी बारिश हुई। 2015 में शहर में सबसे अधिक मासिक वर्षा 1106.7 मिमी दर्ज की गई थी।

इन इलाकों में जारी रेड अलर्ट
आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए 13 जून यानी रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। यानी 24 घंटे में 204.5 एमएम से ज्यादा बारिश होने के आसार बने हुए हैं। जबकि रायगढ़ और रत्नागिरी में 12 जून शनिवार को रेड अलर्ट जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार तक पूरा हुआ है। ऐसे में शुक्रवार देर रात से शनिवार की शुरुआत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून से महाराष्ट्र के लगभग पूरे तट पर भारी बारिश होने के आसार हैं।

प्रशासन सतर्क
मुंबई और उपनगरों में केवल थोड़े समय के ब्रेक के साथ तीव्र मौसम की गतिविधि शुरू होने और अगले कुछ दिनों तक चलने की उम्मीद है। ऐसे में बारिश से जल जमाव समेत अन्य परेशानियों से बचने के लिए प्रशासन सतर्क है। आगामी बारिश के चलते संचार और कनेक्टिविटी के साथ-साथ रेल, सड़क और हवाई यातायात को प्रतिबंधित और बाधित ना हो इसके लिए प्रशासन प्रयास में जुटा है।

सप्ताहांत में भारी बारिश की आईएमडी की चेतावनी के बाद, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने निचले इलाकों और मीठी नदी के पास के लोगों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने की तैयारी की है, जबकि वार्ड कार्यालयों को गिरे हुए पेड़ों की शाखाओं को हटाने का काम सौंपा गया है और कहा गया है कि संभावित आपात स्थितियों के लिए तैयार रहें।

महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी, फायर ब्रिगेड, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीमों को भी तैयार रहने को कहा गया है।

बंगाल की खाड़ी और तटीय भागों के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। यह अगले 24 घंटों में ओडिशा और छत्तीसगढ़ में समेत अन्य राज्यों में सक्रिय हो जाएगा। यानी इन इलाकों में अच्छी बारिश के संकेत हैं।

दिल्ली में 15 जून तक मानसून दे सकता है दस्तक
दिल्ली में 15 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 27 जून के निर्धारित समय से करीब 12 दिन पहले ही इसके दस्तक देने की संभावना है। जबकि 12 जून शनिवार को भी राजधानी दिल्ली में धूल भरी आंधी चलने के साथ हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

दिल्ली के साथ-साथ उत्तर भारत के अन्य इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Published on:
12 Jun 2021 08:07 am
Also Read
View All