Weather Updates कई इलाकों में सर्दी का कहर पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट राजस्थान के सीकर में पारा माइनस 1.8 पर पहुंचा
नई दिल्ली।मौसम को लेकर लगातार देशभर में बदलाव ( Weather Updates ) देखने को मिल रहा है। कभी बारिश तो कभी कड़ाके की ठंड ( Cold Wind ) ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ( Snowfall ) ने अब तक के कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग ( IMD ) ने अगले 48 घंटे में पहाड़ी इलाकों में जोरदार बर्फबारी का अलर्ट भी जारी कर दिया है।
वहीं राजस्थान के सीकर में पारा माइनस 1.8 डिग्री तक पहुंच गया है। इसे राजस्थान का सबसे सर्द इलाका भी बताया जा रहा है। इसी तरह पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों खास तौर पर उत्तर भारत में आसानी से देखा जा सकता है। सर्द हवाओं के साथ कई इलाकों में पारा तेजी से लुढ़का है।
दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं का कहर
राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार सुबह 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं आस-पास के इलाकों में बर्फीली हवाओं का असर देखा जा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीती रात माउंट आबू में तापामान -3.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सीकर के फतहपुर में तापमान -1.8डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 48 घंटों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी कर दिया है। 12 और 13 जनवरी को बारिश होने की आशंका है। 13जनवरी को पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा है।
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान, कोलकाता सहित गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के साथ ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
इन राज्यों पर पड़ा सीधा असर
बिहार, झारखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखी गई। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री और राजस्थान, दिल्ली, बिहार और झारखंड में 2-3 डिग्री तक गिर गया। उत्तरी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में पाला देखा गया। हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति देखी गई।