विविध भारत

राष्ट्रपति शी जिनपिंग से तुलना पर चीन में ‘विनी द पूह’ फिल्म की रिलीज पर रोक

चीन में डिज्नी की कार्टून फिल्म ‘विनी द पूह’ को रिलीज नहीं किया जाएगा। बच्चों के इस मशहूर कार्टून किरदार पर बनी नई फिल्म की रिलीज पर चीन में प्रतिबंध लगा दिया गया है।
2 min read
Chinese President Winni the Pooh
चीन के राष्ट्रपति से तुलना पर, 'विनी द पूह' फिल्म की रिलीज पर रोक

बीजिंग। चीन में डिज्नी की कार्टून फिल्म ‘विनी द पूह’ को रिलीज नहीं किया जाएगा। बच्चों के इस मशहूर कार्टून किरदार पर बनी नई फिल्म की रिलीज पर चीन में प्रतिबंध लगा दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म को इसलिए प्रतिबंधित कर दिया गया है, क्योंकि इसके किरदार पूह का चेहरा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के चेहरे से मेल खा रहा था। बताया जा रहा है कि इसमें भालू के किरदार वाले पूह की तुलना राष्ट्रपति के साथ करके उनका मखौल उड़ाने की कोशिश की गई है। हालांकि, चीन ने इसका खंडन किया है।

बता दें, क्रिस्टोफर रॉबिन की फिल्म ‘न्यू विनी द पूह’ डिज्नी ने बनाई है। इसके साथ ही चीन ने डिज्नी की दूसरी फिल्म पर पाबंदी लगाई है। इससे पहले चीन में बिना कोई कारण बताए ‘ए रिंकल इन टाइम’ पर रोक लगा दी गई थी। इससे पहले जिनपिंग ने 2014 में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात की थी। तब उनकी तुलना पूह व कार्टून किरदार एयोर गधे से की गई थी। इसके बाद से ही चीनी सेंसर पूह और जिनपिंग की तुलना वाली तस्वीरें हटा रहा है।

2013 में हुई विवाद की शुरुआत

इस विवाद की शुरुआत 2013 में हुई थी, जब जिनपिंग और अमरीका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा की तुलना पूह और उसके दोस्त टाइगर से की गई। एक फोटो में पूह और टाइगर टहलते दिखाए गए थे। इसके साथ जिनपिंग और ओबामा की फोटो नजर आई।

2015 की सबसे विवादित तस्वीर

साल 2015 में सोशल मीडिया पर जिनपिंग का एक फोटो वायरल हुआ, जिसमें वह सैन्य परेड का निरीक्षण कर रहे थे। इसकी तुलना गाड़ी पर बैठे पूह से की गई। ग्लोबल रिस्क राइट्स के मुताबिक, यह 2015 की सबसे विवादित तस्वीर मानी गई थी। कॉमेडियन जॉन ओलिवर भी लगातार जिनपिंग का मखौल उड़ाते रहे थे। अमरीकी चैनल एचबीओ की वेबसाइट पर भी पाबंदी लगा दी गई।

Published on:
30 Sept 2018 02:42 pm