
वाशिंगटन। अमरीका में नई आव्रजन नीति के कारण कई भारतीय भी मुसीबत में पड़ गए हैं। उन्हें एशियाई बंदियों के साथ रखा गया है। दरअसल, अमरीका पहुंचे 52 भारतीयों समेत 123 अप्रवासी ट्रंप प्रशासन की नई आव्रजन नीति के शिकार हो गए हैं। इन्हें हिरासत में ले लिया गया है। इनमें ज्यादातर दक्षिण एशियाई बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 123 अप्रवासियों को ओरेगन प्रांत के यमहिल काउंटी की शेरिडान जेल में रखा गया है।
दो हजार से ज्यादा अप्रवासी बच्चे बिछड़े
इन बंदियों में कई हिन्दी भाषी भी हैं। रिपोर्ट के अनुसार सभी को दुभाषिए की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं हैं ताकि वह अपनी सफाई स्पष्ट कर सकें। 123 अप्रवासियों में करीब 70 दक्षिण एशियाई हैं। 52 भारतीय, 13 नेपाली और दो बांग्लादेशी हैं। यहां एक एनजीओ ने सूचना दी है कि इन बंदियों को अलग—अलग रखा गया है। इनमें से कई चीनी नागरिक भी गिरफ्तार किए गए हैं। बता दें कि अमेरिका की नई आव्रजन नीति के कारण 19 अप्रैल से 31 मई के बीच करीब दो हजार से ज्यादा अप्रवासी बच्चे अपने परिवार से बिछड़ गए हैं।
मांगी अमेरिका में शरण
अमरीकी डेमोक्रेटिक सांसदों के एक दल ने हाल में शेरिडान जेल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए अप्रवासियों ने अमरीका से शरण देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि भारत में इन लोगों को भयंकर धार्मिक अत्याचारों का सामना करना पड़ा। ज्यादातर सिख या ईसाई हैं। उन्होंने बताया कि वे धार्मिक आजादी के लिए अमरीका आए थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि वे यहां आकर फंस गए हैं। उन्हें दिन में 22 घंटों तक छोटी कोठरियों में रखा जा रहा है। इस पर कुछ अमरीकी सांसदों ने विरोध भी दर्ज किया है।
क्या है नई आव्रजन नीति
ट्रंप सरकार ने अवैध रूप से सीमा पार करने वालों को लेकर नियमों में बदलाव किया है। इसके चलते वयस्कों को सीधे हिरासत में लिया जा रहा है। नतीजन, बच्चे अपने परिवार से दूर होने को मजबूर हो गए हैं। जबकि पुराने नियम के अनुसार पहली बार सीमा पार करने वालों पर साधारण अपराध का मुकदमा दर्ज किया जाता था।