
लिबरेविले। अफ्रीकी देश कैमरून ( African country Cameroon ) में एक बड़ी हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। इस बर्बर हत्याकांड़ में 14 बच्चे समेत 22 गांव वालों की निर्मम हत्या कर दी गई।
संयुक्त राष्ट्र ( United Nation ) ने जानकारी देते हुए बताया है कि जिस इलाके में हत्याकांड को अंजाम दिया गया है वह एक आंग्लभाषी ( English language ) यानी अंग्रेजी बोलने वाले लोगों का क्षेत्र है। कैमरून की विपक्षी पार्टी ने इस जनसंहार के लिए सेना पर आरोप लगाए हैं।
संयुक्त राष्ट्र की संस्था OCHA के स्थानीय अधिकारी जेम्स नुनन ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के नटुम्बो गांव में शुक्रवार को हथियारबंद लोगों ने इस बर्बर हत्याकांड को अंजाम दिया है।
मरने वालों में 11 नाबालिग लड़कियां शामिल
नुनन ने आगे कहा कि इसमें 22 नागरिक मारे गए जिसमें एक गर्भवती महिला और कई बच्चे शामिल हैं। मरने वालों में 14 नाबालिग बच्चे हैं, जिनमें 11 लड़कियां भी शामिल हैं। इनमें से नौ की उम्र पांच साल से भी कम है।
आपको बता दें कि कैमरून के उत्तर पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी क्षेत्र में अंग्रेजी भाषी अल्पसंख्यक रहते हैं। इस क्षेत्र में सरकार और अलगाववादियों के बीच लगातार संघर्ष चल रहा है। बीते तीन साल से दोनों पक्षों की ओर से संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। इस बीच इस तरह की हत्याकांड की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
बता दें कि बीते तीन साल के संघर्ष के दौरान फ्रांसीसी बोलने वाले कैमरून में 3,000 से अधिक लोग मार गए हैं जबकि 700,000 से अधिक लोग अपने घरों से भागने को मजबूर हुए हैं।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.