विश्‍व की अन्‍य खबरें

ब्रिटेन का बड़ा फैसला, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारत को ट्रैवल रेड लिस्ट में डाला

ब्रिटेन ने कोरोना वायरस के नए वैरियंट के 103 मामले सामने आने के बाद एक बड़ा फैसला लेते हुए भारत को ट्रैवल रेड लिस्ट में डाल दिया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2021, 9:07 PM IST
travel_ban.png
Britain is adding India to its travel 'red-list' after detecting coronavirus variant first identified in country

लंदन। देश-दुनिया में कोरोना महामारी का प्रकोप जारी है। पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण के प्रकोप से जूझ रही है। हर दिन लाखों की संख्या में संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि हजारों की संख्या में लोगों की मौत हो रही है।

इन सबके बीच ब्रिटेन से एक बड़ी खबर सामने आई है। ब्रिटेन ने कोरोना वायरस के नए वैरियंट के 100 से अधिक मामले सामने आने के बाद एक बड़ा फैसला लिया है। ब्रिटेन ने भारत को ट्रैवल रेड लिस्ट में डाल दिया है।

ब्रिटेन ने कोरोना के ताजा मामलों में आए जबर्दस्‍त उछाल के बीच ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन की भारत यात्रा रद्द होने के कुछ घंटों बाद यह फैसला लिया है। ब्रिटेन के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मैट हेनकॉक ने कहा कि देश में कोरोना के नए वैरियंट के 103 मामले सामने आने के बाद भारत को 'रेड लिस्‍ट' में जोड़ने का फैसला किया है।

पीएम बोरिस जॉनसन का भारत दौरा रद्द

आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण मामलों के बढ़ते मामलों से दुनियाभर में हाहाकार मचा है। हर दिन लाखों की संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। यही कारण है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है। बोरिस जॉनसन अगले हफ्ते रविवार को चार दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली आने वाले थे।

बोरिस जॉनसन पर अपना भारत दौरान रद्द करने का दबाव था। विपक्षी लेबर पार्टी ने भारत में लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर जॉनसन से दौरा रद्द करने की मांग कर रही थी। लेबर पार्टी ने सवाल किया था कि जॉनसन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर ऑनलाइन चर्चा क्यों नहीं कर सकते हैं?

लेबर पार्टी के शैडो कम्युनिटीज सेक्रेटरी स्टीव रीड ने एक बयान में कहा कि सरकार लोगों से कह रही है कि यात्रा नहीं करो और मैं ये नहीं समझ पा रहा हूं कि प्रधानमंत्री भारत सरकार के साथ बातचीत जूम पर क्यों नहीं कर सकते? स्टीव रीड ने कहा, “हम में से कई लोग यही कर रहे हैं और मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री को उदाहरण पेश करने की कोशिश करनी चाहिए। मैं चाहूंगा कि प्रधानमंत्री भारत जाने की बजाय जूम पर मीटिंग करें।”

दुनिया में अब तक 14 करोड़ से अधिक संक्रमित

आपको बता दें कि पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमण से अब तक 14,08,49,925 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 30,13,217 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना महामारी से सबसे अधिक अमरीका प्रभावित हुआ है। अमरीका में अब तक 3,16,90,903 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 5,66,804 लोगों की जान जा चुकी है।

भारत की बात करें तो अब तक 1,50,61,805 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,78,769 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं ब्रिटेन में कोरोना महामारी से अब तक 43,87,820 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,27,270 लोगों की जान जा चुकी है।

Published on: