विश्‍व की अन्‍य खबरें

कोरोना की वजह से एक बार फिर ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन का भारत दौरा रद्द

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर एक बार फिर से अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है। बॉरिस जॉनसन प्रधानमंत्री बनने के बाद से अपने पहले आधिकारिक दौरे पर अगले हफ्ते रविवार को चार दिनों के लिए भारत आने वाले थे।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2021, 2:56 PM IST
boris_johnson.jpg
British PM Boris Johnson cancels india visit once again due to Corona

नई दिल्ली। भारत समेत पूरी दुनिया कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रही है। हर दिन लाखों की संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि हजारों लोगों की जान जा रही है। भारत में कोरोना की दूसरी लहर से हाहाकार मचा है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से चिंताएं काफी बढ़ा दी है।

इस बीच ब्रिटेन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने एक बार फिर से कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है। बॉरिस जॉनसन प्रधानमंत्री बनने के बाद से अपने पहले आधिकारिक दौरे पर अगले हफ्ते रविवार को चार दिनों के लिए भारत आने वाले थे। लेकिन राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कोरोना के विस्फोटक हालात होने की वजह से दौरा रद्द कर दिया गया है।

बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने आज (सोमवार, 19 अप्रैल) दिल्ली में 6 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। यानी कि अगले सोमवार की सुबह पांच बजे तक राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन लागू रहेगा।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

बोरिस जॉनसन के भारत दौरा रद्द होने को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि देश में कोरोना कि स्थिति को देखते हुए दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने 'आपसी सहमति से ये तय किया है कि जॉनसन अगले हफ्ते भारत नहीं आएंगे'।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "COVID19 स्थिति को देखते हुए आपसी सहमति से तय किया गया है कि ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन अगले हफ्ते भारत नहीं आएंगे। अब दोनों पक्ष आने वाले दिनों में भारत-यूके के बदले हुए रिश्तों के लिए योजना जारी करने को लेकर एक वर्चुअल बैठक करेंगे"।

'रेड लिस्ट' में डाला जा सकता है भारत

बता दें कि कोरोना की वजह से खराब होते हालात को देखते हुए जॉनसन का भारत दौरा रद्द किया गया है। लेकिन फिर भी ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट में नहीं डाला है। कई विशेषज्ञों ने भारत को रेड लिस्ट में शामिल किए जाने की मांग की है। यदि भारत को ‘रेड लिस्ट’ में डाला जाता है तो यात्रा प्रतिबंध लग जाएंगे।

बता दें कि भारत में कोरोना की स्थिति भयावाह होती जा रही है। कोरोना की वजह से भारत में अब तक 1,50,61,805 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,78,769 लोगों की जान जा चुकी है।

Published on: