
India's daily Corona positivity rate doubles from 8% to 16.69% in 12 days
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण काफी तेजी के साथ फैल रहा है और देशभर में हालात खराब होते जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर पहले की तुलना में अधिक खतरनाक है और तेजी के साथ लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है, बीते चार दिनों से लगातार 2 लाख से अधिक केस हर दिन सामने आ रहे हैं।
हर दिन एक नया रिकॉर्ड बन रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार को बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 261,500 ने मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इसी समयावधि में 1,501 मरीजों की मौत हो गई।
देश में कोरोना पॉजिटिविटी की दर काफी तेज गति से बढ़ रही है, जिससे चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि पिछले 12 दिनों में कोरोना पॉजिटिविटी की दर 8 फीसदी से बढ़कर 16.69 फीसदी हो गई है। यानी कि पहले एक दिन में 100 लोगों की जांच की जाती थी तो 8 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाते थे, लेकिन अब बीते बारह दिनों में प्रति 100 लोगों में 16-17 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।
इतना हीन हीं पिछले एक महीने में राष्ट्रीय साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 3.05 फीसदी से बढ़कर 13.54 फीसदी हो गई है। मंत्रालय ने आगे बताया है कि छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 30.38 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके बाद गोवा में 24.24 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 24.17 प्रतिशत, राजस्थान में 23.33 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 18.99 प्रतिशत दर्ज की गई है।
पीएम मोदी ने अधिकारियों की साथ की बैठक
आपको बता दें कि देश में लगातार तेजी के साथ कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। लिहाजा, तमाम राज्य सरकारों के साथ-साथ केंद्र सरकार की ओर से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की और हालात का जायजा लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।
पीए मोदी ने शनिवार को अधिकारियों से कहा कि वे कोरोना वैक्सीन के उत्पादन में जो भी बाधाएं सामने आ रही हैं उसे दूर करें और अस्पतालों में बेड की उपलब्धता व ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की आपूर्ति को सुनिश्चि करें। उन्होंने अपनी टीम को स्थानीय सरकारों के साथ मिलकर काम करने के लिए भी कहा है। खासकर उन 12 राज्यों की सरकारों के साथ जहां पर कोरोना की दूसरी लहर से हालात अधिक खराब होते जा रहे हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं और पीएम मोदी के साथ-साथ अन्य मंत्रियों द्वारा चुनाव प्रचार किए जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने भी पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की ओलचना की है। लोगों का कहना है कि देश में कोरोना की वजह से लोग मर रहे हैं और बंगाल में सभी मंत्री चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
चार दिनों से लागातार 2 लाख से अधिक नए मामले दर्ज
आपको बता दें कि देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले काफी तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। बीते चार दिन से लगातार हर दिन 2 लाख से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। रविवार को कोरोना संक्रमण के 261,394 नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि शनिवार (17 अप्रैल) को 234,692 और इससे पहले शुक्रवार (16 अ्परैल) को 217,353 नए मामले सामने आए थे। इसके अलावा गुरुवार (15 अप्रैल) को 200,739 नए मामले दर्ज किए गए थे।
इसके साथ ही देश में अब तक 1,47,88,003 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1,77,150 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र सबसे उपर है। महाराष्ट्र में अब तक कुल 37,70,707 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 59,970 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक नजर में देखें देश में कोरोना महामारी के आंकड़े
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.61 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,501
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.38 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.47 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.28 करोड़
अब तक कुल मौत: 1.77 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 17.93 लाख
Updated on:
18 Apr 2021, 4:42 PM IST
Published on:
18 Apr 2021, 4:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.