
वाशिंगटन। फाइजर और बायोटेक द्वारा बनाई जा रही कोरोना वैक्सीन इस साल के अंत तक आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि ये लोगों को जल्द दी जाने लगी जाएगी। वैक्सीन के निर्माताओं में से एक ने रविवार इस बात का दावा किया है। दोनों कंपनी बायोटेक और फाइजर का दावा है कि उनकी कोरोना वैक्सीन 90 फीसदी से ज्यादा कारगर साबित हो रही है।
बायोटेक के सह संस्थापक उगूर साहिन का कहना है कि अगले साल अप्रैल तक दुनियाभर में वैक्सीन की 30 करोड़ खुराक बांटे जाने का लक्ष्य है। हालांकि अपेक्षित परिणाम आने पर ही इसकी इजाजत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ा प्रभाव हमें बाद में दिखेगा। यानि गर्मियों तक हमें संक्रमण दर कम करने आसानी होगी। इसके साथ अगली सर्दियों तक हम उच्च टीकाकरण दर प्राप्त कर सकेंगे।
महामारी को खत्म कर देगी
बायोटेक के सह संस्थापक साहिन का दावा है कि वैक्सीन वायरस पर बड़ा असर दिखाएगी। ये महामारी को खत्म करने में कारगर साबित होगी। साहिन के अनुसार वैक्सीन का पूरा डेटा तीन हफ्ते में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कोरोना वायरस को रोक सकेगी। मगर यह ट्रांसमिशन को रोक सकेगी या नहीं, इसका जवाब अभी नहीं मिला है। साहिन के अनुसार वैक्सीन एक साल के लिए सुरक्षा देगी और हर साल एक बूस्टर की जरूरत पड़ सकती है।