
कैमरून में बस एक्सीडेंट (Representational Photo)
दुनियाभर में रोड एक्सीडेंट्स (Road Accidents) की संख्या बढ़ती ही जा रही है, जो चिंताजनक विषय है। आए दिन ही कहीं न कहीं इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं। हर साल रोड एक्सीडेंट्स के कई मामले सामने आते हैं, जिनमें कई लोग मारे जाते हैं और कई लोग घायल हो जाते हैं। इसके बावजूद रोड एक्सीडेंट्स के मामलों में कोई कमी नहीं हो रही है। अब रोड एक्सीडेंट का एक मामला कैमरून (Cameroon) में सामने आया है। आज, शुक्रवार, 14 अगस्त को देश में एक बस एक्सीडेंट (Bus Accident) की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार सुबह के समय कैमरून के सेंट्रल रीज़न के म्बाम-एट-इनौबू डिवीज़न के न्डिकिनिमेकी सब-डिवीज़न के नोमाले में यह हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी एक बस याउंडे-बाफौसम हाईवे पर एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक लकड़ी के तख्तों से लदा हुआ था और सड़क के किनारे खड़ा हुआ था।
कैमरून में हुए इस बस एक्सीडेंट में 16 लोगों की मौत हो गई। इनमें से कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, तो कुछ लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या अस्पताल में अंतिम सांस ली। मरने वालों में एक ही परिवार के 7 सदस्य भी शामिल थे, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
इस बस एक्सीडेंट में 40 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कुछ लोगों की स्थिति गंभीर है, तो जिन लोगों को मामूली चोट आई थी, उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
स्थानीय पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। चश्मदीद गवाहों से हादसे के बारे में पूछताछ की गई। ओवरस्पीडिंग, बस ड्राइवर की लापरवाही को इस हादसे की संभावित वजहों में से बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक सटीक वजह का खुलासा नहीं हुआ है।
कैमरून में रोड एक्सीडेंट्स सामान्य हैं और अक्सर खराब सड़कों और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से इस तरह के हादसे देखने को मिलते हैं। कैमरून के परिवहन मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि देश में हर साल रोड एक्सीडेंट्स में करीब 1,500 लोगों की मौत होती है।
Updated on:
14 Aug 2026 10:57 pm
Published on:
14 Aug 2026 10:53 pm
