विश्‍व की अन्‍य खबरें

डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को फिर लताड़ा, कहा- अमरीकी सहायता के बदले लादेन को दी पनाह

अमरीका ने पाकिस्तान को हमेशा अपना दोस्त माना लेकिन इसके उलट पाक ने ओसामा बिन लादेन को पनाह दी
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2018, 9:34 AM IST
Trump- Imran
डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को फिर लताड़ा, कहा- अमरीकी सहायता के बदले लादेन को पनाह दी

न्यूयार्क।अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार पाकिस्तान पर फिर से निशाना साधा है। पाकिस्तान को करोड़ों डॉलर की सैन्य सहायता रोके जाने के बाद अमरीका पाकिस्तान को एक के बाद एक कई झटके दे चुका है। अब एक इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने फैसले का बचाव करते हुए रविवार को कहा कि पाकिस्तान अमरीका के लिए कोई काम नहीं करता। यहां तक कि वहां की सरकार ने अमरीका द्वारा वांछित अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन की मदद भी की।

क्या कहा ट्रंप ने

एक मीड‍िया हाउस को द‍िए साक्षात्कार में ट्रंप ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अमरीका के लिए कुछ नहीं करता। अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि पाकिस्तान की मदद इसलिए रोकी गई क्योंकि उसने हमारे लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि अमरीका ने पाकिस्तान को हमेशा अपना दोस्त माना लेकिन इसके उलट पाक ने ओसामा बिन लादेन को पनाह दी। ट्रंप ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में हर किसी को पता था कि वहां ओसामा बिन लादेन ऐबटाबाद में रह रहा है। लादेन और पाकिस्तान में उसके ठिकाने का जिक्र करते हुए अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा, 'जरा सोचिए, पाकिस्तान में रहना और इस बेहतर तरीके से रहना। ये कैसे मुमकिन है कि पाकिस्तान के हुक्मरानों को इसका पता न हो।'

लादेन को पनाह देने पर साधा निशाना

ट्रंप ने लादेन को पनाह देने के मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा, " लादेन का पाकिस्तान में सैन्य अकादमी के ठीक बगल में रहना। पाकिस्तान में हर कोई जानता था कि वह वहां पर है। हम पाकिस्तान को एक वर्ष में 1.3 अरब डॉलर दे रहे थे और वह पैसा लादेन की अय्याशी पर खर्चा किया जा रहा था। लादेन पाकिस्तान में रह रहा था, जबकि हम पाकिस्तान का समर्थन कर रहे थे। मैंने अब यह मदद समाप्त कर दी, क्योंकि वे हमारे लिए कुछ नहीं करते।

पाकिस्तान के लिए नई मुश्किल

बता दें कि अमरीका ने स‍ितंबर 2018 में पाकिस्तान को दी जाने वाली 30 करोड़ डॉलर की सहायता ख़तम करने का फैसला किया था। अमरीकी सेना ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान ने आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसे लेकर पाकिस्तान ने इस्लामाबाद पर दबाव डालने की कोशिश की थी। उधर सैन्य मदद बंद किए जाने के बाद अमरीका और पाकिस्तान के रिश्ते और बिगड़ गए हैं। बता दें कि इससे पहले पिछले साल अगस्त में अफगानिस्तान और दक्षिण एशिया को लेकर अपनी नीति की घोषणा करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान को आतंकियों की सुरक्षित पनाहगार बताया था।

Updated on:
19 Nov 2018, 9:34 AM IST
Published on: