
नई दिल्ली। उत्तर भारत में पिछले कुछ महीनों से चल रही धूल भरी आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले कुछ और दिनों तक ये आंधी और तूफान का खतरा बना हुआ है। धूल भरी आंधी से हम लोग तो परेशान हैं ही लेकिन क्या आप जानते हैं आंधी और तूफान धरती के साथ-साथ मंगल ग्रह पर बना हुआ है। जी हां इसका खुलासा किया है नासा ने। पिछले लंबे समय से मंगल ग्रह का अध्ययन कर रहे नासा के अंतरिक्ष यान क्यूरोसिटी रोवर ने अपने कैमरे में एक दिलचस्प घटना कैद की है। रोवर ने मंगल पर धूल भरी आंधी चलने की तस्वीरें कैद कर इन्हें साझा किया है, लेकिन नासा को शायद यह नहीं पता था कि जिस इवेंट की तस्वीरें वे साझा कर रहे हैं उसी इवेंट की वजह से उनका पांच साल पुराना मिशन ठप पड़ जाएगा।
रिसर्च काम रोकने का फैसला
क्यूरोसिटी रोवर का ज्यादातर काम सौर ऊर्जा पर ही निर्भर हैं। यान के आस-पास ऐसा माहौल बन गया है जिससे उसे सूर्य का प्रकाश नहीं मिल पा रहा। ऐसे में रोवर को चालू रखने के लिए उसमें लगी न्यूक्लियर पावर बैट्री दिन रात चल रही है। मंगल पर चल रहा यह तूफान इतना चिंताजनक है कि अंतरिक्ष एजेंसी ने मंगल के अध्ययन को लेकर सभी रिसर्च कार्यों को स्थगित करने का फैसला किया है। आपको बता दें कि रोवर मंगल पर पांच साल पहले उतरा था। तब से लेकर यह रोजाना वहां होने वाली सारी हलचल की तस्वीरें भेज रहा है।
लाल ग्रह पर छाया धूल का गुबार
मंगल की कक्षा में स्पेस एयरक्राफ्ट के साथ मौजूद क्यूरियोसिटी रोवर पहली बार लाल ग्रह में चल रही धूल भरी आंधी के बार में वैज्ञानिकों को समझने में मदद करेगा। इस यंत्र की मदद से मंगल की सतह और ऊपरी हिस्से की धूल के बारे में जानकारी मिलेगी। नासा मीडिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि धूल से भरी आंधी का गुबार लाल ग्रह पर पिछले दो सप्ताह से इसके बड़े हिस्से पर छाया हुआ है। वैज्ञानिकों की माने तो यह धूल का गुबार लगातार अपना दायरा बढ़ा रहा है।
वैज्ञानिकों ने दिया 'डस्ट इवेंट' नाम
मंगल पर चल रही इस धूल भरी आंधी को वैज्ञानिकों ने ग्रह को घेरने वाली घटना बताया है और पूरे घटनाक्रम को डस्ट इवेंट नाम दिया है। हालांकि मंगल ग्रह में दूसरी ओर क्यूरोसिटी रोवर काम कर रहा है, लेकिन तेजी से बढ़ते धूल का गुबार लगातार इसके ऊपर पड़ने से ऊपर धूल बढ़ती जा रही है और यह धूल दोगुनी हो सकती है।
2007 में आया था ऐसा धूल का गुबार
ये पहला मौका नहीं है जब मंगल पर आंधी या धूल का गुबार छाया हो। इससे पहले भी लाल ग्रह पर धूल भरी आंधी चल चुकी है। 2007 में भी मंगल पर धूल भरा तूफान आया था। इस तूफान ने पूरे मंगल को अपनी चपेट में ले लिया था।