
नई दिल्ली। हवाई में किलाउआ ज्वालामुखी के फटने के बाद चार सप्ताह के अंदर 80 से ज्यादा घर नष्ट हो गए हैं। ज्वालामुखी का लावा दिन-रात बह रहा है जिससे उसके आसपास के घर तबाह हो गए हैं। घरों के नष्ट होने की वजह से सैकड़ों लोग अपना घर छोड़कर वहा से जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टे केे अनुसार ये जानकारी वहां के एक अधिकारी ने दी है।
ज्वालामुखी से अभी भी निकल रहा है लावा
हावई सिविल डिफेंस के प्रवक्ता टैलमेड मैंगो ने शुक्रवार बताया कि ज्वालामुखी से निकल रहे लावा की चपेट में आकर कम से कम 87 घर नष्ट होने की खबर है। वहीं, सीएनएन ने नागरिक रक्षा एजेंसी के हवाले से बताया कि घरों को नुकसान पहुंचने की रिपोर्ट जारी किए जाने के बाद गुरुवार रात को बढ़ते लावा विस्फोट के बीच लीलानी एस्टेट्स सबडिविजन के एक हिस्से को खाली करने के आदेश जारी किया गया है।
घरों को खाली करने के आदेश
लावा की वजह से किसी की जान ना जाए इस संबंध में सतर्कता बरतते हुए स्थानीय निवासियों को शुक्रवार दोपहर तक घरों को खाली कर देने की सलाह दी गई। डिफेंस प्रवक्ता ने बताया कि आपातकालीन कर्मियों की समय सीमा बीतने के बाद खाली कराए गए इलाकों से किसी को बचाने की कोई योजना नहीं है। इसलिए समय रहते जल्द से जल्द इलाके को खाली कर दिया जाए।
चार सप्ताह पहले हुआ था विस्फोट
बता दें कि हावई के ज्वालामुखी में पहला विस्फोट होने के चार सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन उसमें से अभी भी लावा निकलकर बह रहा है। यूएस भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने कहा कि किलाउआ ज्वालामुखी का लावा 5.5 वर्ग मील के दायरे में फैल गया है, यह न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क से चार गुना बड़ा है।