विश्‍व की अन्‍य खबरें

क्यूबा में कास्त्रो शासन का अंत, मिगेल डियाज कनेल बनेंगे नए राष्ट्रपति

क्यूबा में दशकों से चले आ रहे कास्त्रो परिवार के शासन के बाद अब देश की संसद ने मिगेल डियाज कनेल को देश का नया नेता चुन लिया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2018, 12:03 PM IST
Miguel Diaz Canel

नई दिल्ली। कैरेबियाई द्वीप क्यूबा में बड़ा सियासी परिवर्तन हुआ है। दशकों से चले आ रहे कास्त्रो परिवार के शासन के बाद अब देश की संसद ने मिगेल डियाज कनेल को देश का नया नेता चुन लिया है। नए राष्ट्रपति कनेल के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। वे 86 साल के राउल कास्त्रो का स्थान लेंगे, जिन्होंने हाल ही में पद छोड़ दिया था। उन्होंने 2006 में अपने बीमार भाई फिदेल कास्त्रो से सत्ता की बागडोर अपने हाथों में ली थी। फिलहाल 2021 में होने वाले कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन तक वे पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे।

नई राष्ट्रपति के सामने कई चुनौतियां
गुरुवार को कनेल औपचारिक रूप से पदभार संभाल लेंगे और इसके साथ ही उनके सामने कई चुनौतियां होंगी। क्यूबा की अर्थव्यवस्था इन दिनों बेहद सुस्त रफ्तार से चल रही है। सहयोगी देश वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है। देश की युवा आबादी हालात में बदलाव चाहती है। कास्त्रो बंधुओं का क्रांतिकारी इतिहास था, लेकिन कनेल के लिए नेतृत्व करना मुश्किलों से कम नहीं होगा।

ऐसा है डियाज कनेल का इतिहास
डियाज कनेल के 2013 में क्यूबा के उपराष्ट्रपति बने थे। हालांकि इस समय तक वे ज्यादा चर्चित नाम नहीं थे, लेकिन उनके पास अच्छा-खासा राजनीतिक अनुभव था। कास्त्रो से नजदीकियों के चलते उन्होंने काफी तेजी से जगह बनाई। इलेक्ट्रिकल इंजीनियर कनेल कम उम्र में ही कम्युनिस्ट लीग से जुड़ गए थे। महज 33 साल की उम्र में ही वो लीग के दूसरे सचिव चुन लिए गए। राउल कास्त्रो भी उनकी वैचारिक मजबूती के कायल रहे हैं।

क्रांतिकारी कास्त्रो परिवार का है लंबा सियासी इतिहास
क्यूबा में कास्त्रो परिवार दशकों से क्यूबा की सत्ता पर काबिज रहा है। 1959 में फिदेल कास्त्रो देश के प्रधानमंत्री बने थे, जो 1976 तक इस पद पर रहे। इसके बाद फिदेल कास्त्रो क्यूबा के राष्ट्रपति बने और 2008 तक पद पर बने रहे। इसके बाद उन्हें बीमारी ने घेर लिया, जिसके चलते उनके भाई राउल कास्त्रो राष्ट्रपति बने। इस तरह से दोनों भाइयों ने मिलकर करीब छह दशक तक शासन किया। अब राउस कास्त्रो ने पद छोड़ दिया है, लेकिन साम्यवादी क्यूबा की राजनीति में वे अब भी प्रभावशाली शख्स बने रहेंगे।

Published on: