विश्‍व की अन्‍य खबरें

UN में इमरान खान ने फिर कश्मीर राग अलापा, कहा- कर्फ्यू हटते ही होगा खूनखराबा

इमरान खान ने UNGA में फिर से कश्मीर राग अलापते हुए कहा कि मुस्लिमों के साथ अन्याय हो रहा है इमरान ने कहा कि पूरी दुनिया में इस्लामोफोबिया का ऐसा असर है कि हिजाब को भी हथियार मान लिया गया
2 min read
• •
Updated: 27 Sep 2019, 11:18 PM IST
imran_khan_at_unga.jpg

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 74वें सत्र को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संबोधित किया। इस दौरान इमरान खान ने एक बार फिर से कश्मीर राग अलापा और भारत के खिलाफ जहर उगला।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना साधा। अपने संबोधन में इमरान खान ने कश्मीर राग अलापते हुए कहाकि अनुच्छेद 370 से हटाए जाने के बाद कश्मीर में कर्फ्यू लगा दिया गया, लेकिन जब यह कर्फ्यू हटेगा उस दिन कश्मीर में खूनखराबा होगा।

इमरान खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुस्लिमों के साथ अन्याय हो रहा है, जिसके चलते वो हथियार उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम के नाम पर युवक हथियार नहीं उठा रहे हैं, बल्कि अन्याय के खिलाफ लड़ाई के लिए हथियार उठा रहे हैं।

इस बीच उन्होंने फिर से परमाणु बम की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर दो पड़ोसी देशों के बीच परमाणु युद्ध छिड़ता है, तो इसका असर दुनियाभर में होगा। इसलिए संयुक्त राष्ट्र को याद करना चाहिए कि उसका गठन क्यों हुआ था?

9/11 में पाकिस्तान का हाथ नहीं: इमरान खान

इमरान खान ने अपने संबोधन में कहा कि 9/11 के आत्मघाती हमले के बाद इस्लाम को निशाना बनाया जाने लगा। लेकिन हकीकत यह है कि इसमें पाकिस्तान का कोई हाथ नहीं था। लेकिन अफगानिस्तान युद्ध में हजारों पाकिस्तानी उसके शिकार हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 9/11 के बाद पूरी दुनिया में इस्लामोफोबिया का ऐसा असर है कि हिजाब पहने भर से ही शक की निगाह से देखा जाने लगता है। हिजाब को भी हथियार मान लिया गया है। इमरान ने कहा कि आतंकवाद का किसी धर्म से कोई नाता नहीं है, लेकिन मुस्लिम जब दूसरे देशों में जाते हैं तो उन पर शक किया जाता है।

इमरान ने कहा कि तालिबान और अलकायदा पाकिस्तान मेें नहीं हैं, बल्कि अफगानिस्तान में हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा फिदायीन हमले तमिल टाइगर्स (LTTE) ने किए, वो हिंदू थे, लेकिन हिंदुओं को कोई दोष नहीं देता है।

गरीब देशों में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा: इमरान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने संबोधन में कहा कि गरीब देशों में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है। जब तक टैक्स हैवन देशों को मंजूरी दी जाती रहेगी, तब तक विकासशील देशों का पैसा वहां खपाया जाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि विकसित देश और अंतर्राष्ट्रीय वित्त संस्थाएं मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ सख्त हों, ताकि गरीब देशों के नागरिकों पर खर्च होने वाला पैसा टैक्स हैवन देशों में न जाएं।

इमरान खान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा प्रभावित दुनिया के 10 देशों में पाकिस्तान भी शामिल हैं। दुनिया के नेताओं ने भी गंभीरता नहीं दिखाई। इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान कृषि प्रधान देश है। पाकिस्तान में 80 फीसदी पानी ग्लेशियर से आता है। उन्होंने कहा कि इस पर जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र को नेतृत्व करना चाहिए।

Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.

Updated on:
27 Sep 2019, 11:18 PM IST
Published on: